गिरोह का भंडाफोड़: रेवाड़ी में लुटेरों ने ननद-भाभी का यौन शोषण कर लूटे थे लाखों के गहने, दो आरोपी गिरफ्तार

Gang Busted
X

गिरोह का खुलासा करती पुलिस।


सीआईए ने गिरोह के दो लोगों को महेंद्रगढ़ और राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस का मानना है कि यह एक बड़ा गिरोह है और इन आरोपियों से पूछताछ में और भी कई वारदातों का खुलासा हो सकता है।

हरियाणा के रेवाड़ी में अप्रैल में सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में सशस्त्र बदमाशों ने घर पर मौजूद ननद और भाभी का यौन शोषण कर उनका अश्लील वीडियो बनाया था। उसके बाद घर से लाखों रुपये के जेवर लूट लिए गए थे। इस मामले में सीआईए ने बड़े गिरोह का भंडाफोड़ कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ में पुलिस को कई बड़ी वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।

सदर थाना पुलिस को 4 अप्रैल को दर्ज शिकायत में एक महिला ने बताया था कि 3 अप्रैल की रात वह ननद के साथ छत के कमरे में सोई थी। रात लगभग 1 बजे 8 लोग उनके कमरे में घुसे। सभी के हाथों में चाकू, पिस्टल व नुकीले हथियार थे। हथियारों को लहराकर आरोपियों ने धमकी दी कि अगर शोर मचाया तो दोनों को मार दिया जाएगा। उसके बाद महिला से परिवार के अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। फिर एक आरोपी ने महिला की कनपटी पर पिस्टल लगाकर कहा कि तुम्हारे घर में जो भी नकदी व जेवरात और अन्य कीमती सामान है वह उनके हवाले कर दो। दोनों के मोबाइल फोन भी इन लोगों ने छीन लिए। महिला ने बताया कि बदमाशों ने हथियारों के बल पर उसका व उसकी ननद का यौन शोषण किया। इसी दौरान मोबाइल से उनकी अश्लील वीडियो भी बनाई।

लाखों के जेवर लेकर भागे

महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया था कि बदमाशों ने जेवरात के बारे में पूछा। नहीं बताने पर उन्हें मारने की धमकी दी। डर के कारण उन्होंने संदूक व अलमारी में गहने होने की बात बता दी, लेकिन उन्होंने इनकी चाबी होने से मना कर दिया। बदमाशों ने संदूक और अलमारी के ताले तोड़कर दो सोने के हार, कानों के सोने की बाली, एक तोले सोने का लोकेट, छोटे बच्चे के सोने के चांद-सूरज, चांदी की 4 जोड़ी पायजेब लगभग 500 ग्राम की, 7 जोड़ी कडूले चांदी के व एक 10 तोले की चांदी की हसली, 18 तोले की चांदी की पायल व अन्य कीमती सामान ले गए।

सीसीटीवी की डीवीआर तोड़ी

महिला ने आरोप लगाया था कि बदमाशों ने गहने लूटने के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी तोड़ दी। साथ ही धमकी दी कि घटना के बारे में किसी को बताया तो उनकी वीडियो वायरल कर दी जाएगी। इसके बाद बदमाश वहां से भाग गए। महिला व उसकी ननद ने पहले परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सदर थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पहले पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर चल रही थी, लेकिन सीआईए ने इस मामले में दो आरोपियों को काबू कर लिया है।

पेश से रिमांड पर लिया

सीआईए ने इस चर्चित लूट व यौन शोषण कांड का भंडाफोड़ कर महेंद्रगढ़ के गागड़वास निवासी संजू व राजस्थान के चूरू जिले के किरतान निवासी रामबाबू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार लूट की वारदातों को अंजाम देने वाला यह बड़ा गिरोह है, जिसके अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story