मौसम का बदला मिजाज: आसमान में दिनभर छाए आंशिक बादल, सरसों बिजाई के लिए जुटे किसान

The field is being prepared for sowing using a fountain.
X
फव्वारे से बिजाई के लिए तैयार किया जा रहा खेत। 
रेवाड़ी में मौसम का मिजाज ठंडा होना शुरू हो गया है, जिसके चलते किसानों ने सरसों बिजाई की तैयारी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार अभी बरसात की संभावना नहीं है।

रेवाड़ी: रात के समय मौसम का मिजाज ठंडा होना शुरू हो गया है। दिन के समय गर्मी अपनी उपस्थिति जरूर दर्ज करा रही है। कूलर और एसी की जगह अब पंखों से ही काम चलना शुरू हो गया है। किसानों ने सरसों की बिजाई की तैयारी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से आसमान साफ रहने की संभावना है। अभी बरसात की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में किसान सरसों की बिजाई करने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि समय पर बिजाई हो सके।

आंशिक बादल छाने से मौसम हुआ ठंडा

आसमान में सुबह से ही आंशिक बादल छाए रहे। दोपहर बाद बादल गहराने से बूंदाबांदी की संभावना नजर आने लगी, लेकिन शाम तक बादल साफ हो गए। दिन व रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले सप्ताह तक लोगों को अपनी रजाइयां और गर्म कपड़े भी संभालने पड़ सकते हैं। गत वर्ष अक्टूबर माह के दूसरे पखवाड़े में हल्की बरसात हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार 18 अक्टूबर से आसमान साफ हो जाएगा। इसके बाद कुछ दिनों तक मौसम साफ रहेगा, जिससे दिन के तापमान में कुछ वृद्धि हो सकती है। रात के तापमान में और कमी आने की संभावना रहेगी। लगभग एक सप्ताह तक बरसात की संभावना नहीं है।

सरसों बिजाई की तैयारी में जुटे किसान

इस समय किसानों ने सरसों की बिजाई करने की तैयारी शुरू कर दी है। पिछले साल बिजाई के समय हल्की बरसात ने किसानों को काफी मदद पहुंचाई थी। बरसात नहीं होने के कारण किसान फव्वारा सिस्टम से जमीन को बिजाई के लिए तैयार कर रहे हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार अभी तापमान सरसों बिजाई के लिए अनुकूल नहीं हुआ है। अगेती बिजाई के बाद सरसों पर रोग का हमला हो सकता है, इसलिए किसानों को तापमान में कमी आने का इंतजार करना चाहिए।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story