हिसार में रामायण टोल प्लाजा: रोडवेज व टोल कर्मियों की झड़प, रोडवेज कर्मियों ने टोल किया जाम

हिसार में रामायण्ट टोल प्लाजा पर जाम के दौरान एकत्रित भीड़ व पुलिस।
हरियाणा के हिसार में दिल्ली-सिरसा राष्ट्रीय राजमार्ग के रामायण टोल प्लाजा पर गुरुवार को हरियाणा रोडवेज बस और टोल कर्मचारियों के बीच झड़प हो गई। विवाद बढ़ने पर रोड़वेज कर्मचारियों ने टोल की प्रत्येक लेन में बसें खड़ी कर टोल प्लाजा को जाम कर दिया। टोल पर रोडवेज बस चालक व टोल कर्मी के साथ मारपीट तथा टोल जाम किए जाने की सूचना मिलने पर सदर डीएसपी सिद्धार्थ बिश्नोई, सदर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुमेर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रोड़वेज कर्मचारियों को समझा बुझाकर टोल प्लाजा की लेन में खड़ी बसों को वहां से हटवा कर यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया।
पौने घंटे जाम में फंसे रहे वाहन
रोडवेज कर्मियों द्वारा टोल जाम करने से करीब पौना घंटे तक जाम जाम के दौरान टोल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी लाइनें लग गई। जिसके चलते राहगीरों व यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं जाम के दौरान टोल संचालन पूरी तरह ठप रहा। रोडवेज बस चालक महेंद्र ने टोल कर्मचारियों पर मारपीट करने, बस के शीशे तोड़ने और वर्दी फाड़ने का आरोप लगाया है। वहीं, टोल प्रबंधन ने रोड़वेज कर्मियों पर बंद लेन से बस निकालने का आरोप लगाया। लेन कर्मचारी के अनुसार, बस चालक ने बंद लेन में जबरन बस घुसाई और विरोध करने पर टोल कर्मचारी पर बस चढ़ाने का प्रयास किया तथा उसके साथ हाथापाई की।
दोनों पक्षों ने दी शिकायत : थाना प्रभारी
सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि रोड़वेज बस चालकों द्वारा टोल पर जाम लगाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच रोड़वेज कर्मचारियों को समझा बुझाकर कर बसों को वहां से हटवा कर टोल संचालन फिर से शुरू करवा दिया गया। उन्होंने बताया दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाएं और दोनों पक्षों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की जांच के बाद दोषी पक्ष के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
रोडवेज कर्मचारियों पर हमला निंदनीय : मोर
हांसी सब डिपो की यह बस गुरुवार सुबह 7:20 बजे दिल्ली से सिरसा के लिए रवाना हुई थी। करीब 11 बजे रामायण टोल प्लाजा पर निजी परिवहन समिति की बस के पीछे बस निकालने को लेकर यह घटना हुई। वहीं रोड़वेज कर्मचारी यूनियन के प्रधान सोनू मोर ने टोल कर्मचारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रोडवेज कर्मचारियों पर हमला निंदनीय है, जिसके विरोध में बसें खड़ी कर जाम लगाया गया। मोर ने कहा कि सरकार द्वारा टोल प्लाजा बनाने का उद्देश्य आम लोगों को सुविधा देना है, लेकिन यहां आए दिन जनता से झगड़ा कर उन्हें परेशान किया जाता है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
