पानीपत की यमुना नदी में 3 किशोर डूबे: यमुना में नहाते हुए गहरे गड्ढे में डूबे तीन रिश्तेदार, 10 साल का बच्चा बुआ के घर आया था

पानीपत में यमुना नदी में किशोरों की तलाश करते बचावकर्मी। इनसेट में तीनों किशोरों के फाइल फोटो।
पानीपत की यमुना नदी में 3 किशोर डूबे : हरियाणा के पानीपत जिले में बुधवार सुबह यमुना नदी के संजौली घाट पर स्नान के दौरान तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब तीनों रिश्तेदार नहाने के लिए घाट पर पहुंचे थे। मृतकों की पहचान नितिन (19), हिमांशु (17) और अभि (10) के रूप में हुई है। इनमें से एक दिल्ली से छुट्टियां मनाने अपनी बुआ के यहां आया था।
महिला ने डूबते देखा तो पुलिस को सूचना दी
तीनों युवक बुधवार सुबह लगभग 8:30 बजे बाइक पर सवार होकर घर से निकले थे। स्थानीय जानकारी के अनुसार, वे पूर्णिमा के अवसर पर यमुना स्नान के इरादे से संजौली घाट पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शी एक महिला ने उन्हें घाट पर नहाते देखा था। नहाने के दौरान वे गहराई में चले गए और डूबने लगे। महिला ने तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद ली गई। गांव हथवाला निवासी गोताखोर राकेश सबसे पहले मौके पर पहुंचे और खोज अभियान शुरू किया। राकेश ने बताया कि पानी की गहराई लगभग 18 फीट थी और शव की तलाश में ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत पड़ी। पुलिस से सिलेंडर की मांग की गई, लेकिन मौके पर उपलब्ध न होने के चलते उन्हें शहर जाकर लाना पड़ा।
ऑक्सिजन सिलेंडर लेकर उतरे गोताखोर ने निकाले शव
सिलेंडर मिलने के बाद राकेश ने एक-एक कर तीनों शवों को गहराई में बने गड्ढे से बाहर निकाला। जब तक उन्हें पानी से बाहर लाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। तीनों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में नितिन समालखा की कपूर इंडस्ट्री में काम करता था, जबकि हिमांशु छात्र था। सबसे छोटा अभि, जो मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला था, गर्मियों की छुट्टियों में मच्छरौली गांव में अपनी बुआ के यहां आया हुआ था।
पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवाए शव
परिजनों को पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर घटना की जानकारी हुई। नितिन के मामा विकास ने बताया कि तीनों आपस में करीबी रिश्तेदार थे। परिवार के पहुंचने तक गोताखोर तलाशी अभियान चला रहे थे। तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवाया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
