Fraud Case: पंचकूला में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर से 4 लाख की धोखाधड़ी, वर्क फ्रॉम होम का दिया झांसा

Haryana News Hindi
X

पंचकूला में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ धोखाधड़ी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Panchkula Fraud Case: पंचकूला में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ लाखों रुपए की धोखाधड़ी हो गई। पुलिस ने पीड़िता के कहने पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

Panchkula Fraud Case: पंचकूला में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ सवा 4 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पीड़िता को वर्क फ्रॉम होम से कमाई का लालच देकर फंसाया था। पीड़िता ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित महिला की पहचान शैली गर्ग के रूप में हुई है। शैली गर्ग पंचकूला के सेक्टर-26 की रहने वाली हैं। पेशे से शैली गर्ग सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि 21 सितंबर को उसके वॉट्सऐप पर एक मैसेज आया था। मैसेज पर वर्क फ्रॉम होम के बारे में बताया गया था।

टास्क के माध्यम से फंसाया

पीड़िता के मुताबिक मैसेज में 3 रिव्यू टास्क भेजे गए थे, जिसे उन्होंने आरोपी के कहे अनुसार पूरा किया था। इसके अलावा पीड़िता ने बताया कि टास्क पूरा करने के बदले उसके अकाउंट में पैसे भी भेजे गए थे। उसके बाद पीड़िता को टेलीग्राम लिंक भेजा गया, जिसे क्लिक करने पर NOVICE नाम का एक ग्रुप ओपन हो गया। आरोपियों के कहने पर पीड़िता ने उसे ज्वॉइन कर लिया था।

ज्वॉइन किए गए ग्रुप में भी 3 रिव्यू टास्क दिए गए, जिसे शैली गर्ग ने पूरा कर लिया। इसके बाद उनके अकाउंट में 123 रुपए डाल दिए गए। ठगों ने पीड़िता को प्रीपेड टास्क दिया। जिसमें बताया गया था कि 1 हजार रुपए आरोपियों के बताए बैंक अकाउंट में UPI से डालने पर 30 प्रतिशत का लाभ मिलेगा और बैंक के माध्यम से डालने पर 40 प्रतिशत का लाभ मिलेगा। ऐसे में शैली गर्ग उनके जाल में फंस गईं।

1000 रुपए देने के बाद लाखों ठगे

शैली ने 1000 रुपए उनके द्वारा भेजी गई ID में डाल दिए। इसी तरह टास्क के माध्यम से 4 लाख रुपए पीड़िता से हड़प लिए गए। पंचकूला साइबर क्राइम थाना के अधिकारी ASI सतीश कुमार का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिन खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं। उनकी भी जांच की जा रही है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story