हरियाणा को पानी न मिलने पर सर्वदलीय बैठक : CM सैनी बोले- AAP दिल्ली की हार का बदला ले रही, मान ने किया इनकार...

हरियाणा को पानी न मिलने पर सर्वदलीय बैठक : भाखड़ा नहर के पानी को लेकर हरियाणा और पंजाब के बीच विवाद और गहरा गया है। शनिवार को चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला और इनेलो अध्यक्ष रामपाल माजरा शामिल हुए। बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि आप दिल्ली में अपनी हार का बदला हरियाणा से ले रही है। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में एक विवादास्पद बयान देते हुए कहा कि पंजाब में पानी के लिए कत्ल हो जाते हैं और वे किसी को एक बूंद भी पानी नहीं देंगे।
सीएम नायब सैनी के तीखे आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवंत मान असंवैधानिक तरीके से हरियाणा का पानी रोक रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की शपथ लेने वाला मुख्यमंत्री असंवैधानिक काम कर रहा है और यह पानी पूरे देश का है। सैनी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार का बदला लेने के लिए पानी का विवाद खड़ा किया गया है।
सैनी ने भगवंत मान के कुरुक्षेत्र (हरियाणा) स्थित ससुराल का जिक्र करते हुए कहा कि मान उनके रिश्तेदार हैं और उन्हें पता होगा कि बेटी के घर बच्चा होने पर वहां खाना-पीना आम बात है। उन्होंने मान के उस बयान पर पलटवार किया जिसमें उन्होंने कहा था कि हरियाणा वाले अपनी बेटी के घर का पानी नहीं पीते और पूरी नहर मांग रहे हैं।
नायब सिंह सैनी ने कहा- 2019 में तो अतिरिक्त पानी पाकिस्तान तक बह गया था
सैनी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान में भाखड़ा डैम का जल स्तर 2016-18 के मुकाबले कहीं ज्यादा है और 2019 में तो अतिरिक्त पानी पाकिस्तान तक बह गया था। उन्होंने कहा कि हरियाणा को हमेशा लगभग 8500 क्यूसेक पानी मिलता रहा है, जिसे BBMB की तकनीकी कमेटी तय करती है।
मान ने भरोसा तोड़ा : सैनी ने बताया कि 26 अप्रैल को उन्होंने भगवंत मान से फोन पर बात की थी, जिन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन पंजाब के अधिकारियों ने कुछ नहीं किया। इसके बाद उन्होंने मान को दोबारा पत्र लिखा, जिसका 48 घंटे तक जवाब नहीं मिला। सैनी ने आरोप लगाया कि मान ने अपनी राजनीति को ऊपर रखते हुए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता को गुमराह किया।
पंजाब ज्यादा पानी ले रहा : सैनी ने कहा कि पंजाब हर साल अपने हिस्से से ज्यादा पानी इस्तेमाल कर रहा है और एसवाईएल नहर न बनने के कारण हरियाणा अपने आवंटित हिस्से का भी पूरा पानी इस्तेमाल नहीं कर पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मान सरकार सस्ती लोकप्रियता के लिए भ्रम फैला रही है और पीने का पानी भी छीन रही है, जिससे हरियाणा के कई जिलों में संकट आ गया है।
डैम पर पुलिस : सैनी ने मान सरकार पर जबरदस्ती करने और BBMB के फैसले को दरकिनार कर बांध पर पुलिस बैठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भगवंत मान उनके रिश्तेदार हैं और उन्हें सोचना चाहिए कि हरियाणा को पानी देना ही पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह पानी सिर्फ पंजाब का नहीं, बल्कि पूरे देश का है।
मान ने झूठ बोला : सैनी ने कहा कि मान का यह कहना कि हरियाणा को 4 हजार क्यूसेक पानी के लिए धन्यवाद करना चाहिए, जख्मों पर नमक लगाने जैसा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा ने कभी ज्यादा पानी नहीं मांगा, BBMB ने कोटा तय किया है जिसे मान सरकार मानने से इनकार कर रही है।
दिल्ली हार का बदला : सैनी ने सीधा आरोप लगाया कि जब तक दिल्ली में AAP की सरकार थी, तब तक पंजाब CM को कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन अब हार के बाद उन्होंने हरियाणा का पानी बंद कर दिया है, जो दिल्ली की जनता से बदला लेने जैसा है।
संघीय ढांचे को कमजोर कर रहे मान : सैनी ने कहा कि पानी का मुद्दा दोनों राज्यों का है और इसका हल बातचीत से ही निकलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मान जल विवाद और अन्य मुद्दों के जरिए संघीय ढांचे को कमजोर कर रहे हैं और एकतरफा फैसले ले रहे हैं।
पंजाब CM भगवंत मान का विवादित बयान- कहा पंजाब में पानी के लिए कत्ल हो जाते हैं
जालंधर में मीडिया से बात करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बेहद विवादास्पद बयान दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब में पानी के लिए कत्ल हो जाते हैं, इसलिए पंजाब से एक बूंद भी पानी किसी को नहीं दिया जाएगा। मान ने आरोप लगाया कि बीजेपी पंजाब की सहमति के बिना BBMB के जरिए पंजाब के पानी पर डाका डालने की कोशिश कर रही है, जिसे वे बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब के पानी पर सिर्फ पंजाबियों का हक है और वे एक-एक बूंद की रक्षा करेंगे।
BBMB की बैठक में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल और राजस्थान के अधिकारी रहेंगे मौजूद
हरियाणा के एडवोकेट रविंद्र सिंह ढुल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर नंगल स्थित भाखड़ा डैम से पुलिस फोर्स हटाने की मांग की है। हरियाणा सरकार सुप्रीम कोर्ट जाने का ऐलान कर चुकी है और याचिका तैयार की जा रही है। BBMB आज शाम 5 बजे चंडीगढ़ में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल और राजस्थान के अधिकारियों के साथ बैठक करेगा।
मान ने भी चंडीगढ़ में सर्वदलीय बैठक बुलाई
पानी विवाद को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी चंडीगढ़ में सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसमें विपक्ष की तरफ से सिर्फ भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ पहुंचे। मान ने कहा कि सभी दलों ने सरकार का साथ देने का आश्वासन दिया है और प्रधानमंत्री से मिलने के सुझाव पर विधानसभा के विशेष सत्र में चर्चा होगी।
