हरियाणा में बारिश और बाढ़: कैप्टन अभिमन्यु ने सीएम नायब सैनी से मिलकर राहत कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया

Haryana Flood
X

हरियाणा भवन दिल्ली में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात करते भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु। 

राहत कार्यों को युद्धस्तर पर शुरू कर पीड़ितों को तुरंत भोजन, आश्रय और चिकित्सा सहायता देने की मांग की। कैप्टन अभिमन्यु ने विशेष राहत पैकेज की मांग भी की। सीएम ने जवाब में कहा कि सरकार प्रभावित किसानों को मुआवजा देगी और इसके लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल 15 सितंबर तक खुला रहेगा।

हरियाणा में इस साल मानसून ने भारी तबाही मचाई है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस गंभीर स्थिति पर चर्चा करने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने गुरुवार को हरियाणा भवन दिल्ली में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान पूर्व वित्त मंत्री ने राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की चुनौतियों पर ध्यान दिलाकर राहत कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया।

बाढ़ से हरियाणा में 11 जिलों में तबाही, फसलें बर्बाद

इस साल का मानसून हरियाणा के लिए आफत बनकर आया है। प्रदेश की प्रमुख नदियां जैसे यमुना, घग्गर, मारकंडा और टांगरी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। यमुना नदी तो लगातार 60 घंटे से खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जो पिछले कई सालों में एक नया रिकॉर्ड है। इस जलप्रलय से राज्य के 11 जिलों में 1,932 से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं।

कैप्टन अभिमन्यु का आग्रह, युद्धस्तर पर शुरू हो राहत कार्य

कैप्टन अभिमन्यु ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रभावित इलाकों में राहत और पुनर्वास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर बाढ़ पीड़ितों को समय पर भोजन, पानी, सुरक्षित आश्रय और चिकित्सा सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि राहत कार्यों में पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता का सरकार पर विश्वास बना रहे।

कैप्टन अभिमन्यु ने सुझाव दिया कि बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए एक विशेष राहत पैकेज तैयार किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि सरकार, प्रशासन और समाज के सभी वर्गों को मिलकर इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शीघ्र ही ठोस कदम उठाएगी और राहत कार्यों को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाएगी।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा- प्रभावित किसानों को मुआवजा देंगे

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल 15 सितंबर तक खुला रहेगा और पूरी रिपोर्ट आने के बाद प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। सरकार की ओर से प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को राहत देने की तैयारी है और जल्द ही इस संबंध में घोषणा की जाएगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story