हरियाणा में ग्रुप-डी रिजल्ट जारी: 7596 पदों पर चयन, हजारों युवा अभी भी नियुक्ति के इंतजार में

RSMSSB Recruitment 2025
X

सरकारी नौकरी। 

बहुप्रतीक्षित परिणाम के जारी होने की जानकारी हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन ने सोशल मीडिया पर देकर चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी। यह परिणाम 2023 में हुई परीक्षा का है, जो आरक्षण और कोर्ट संबंधी कारणों से लंबित था।
विज्ञापन

हरियाणा में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे हजारों युवाओं के लिए खुशखबरी है। बुधवार देर रात हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने ग्रुप डी के 7596 पदों का बहुप्रतीक्षित परिणाम जारी कर दिया है। यह परिणाम लगभग दो साल से लंबित था, जिससे उम्मीदवारों में काफी उत्सुकता और चिंता थी।

HSSC चेयरमैन ने दी जानकारी

HSSC के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने रात 10 बजकर 10 मिनट पर सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली, जिसमें उन्होंने लिखा ग्रुप D के 7596 पदों का परिणाम आज आयोग की ओर से घोषित कर दिया गया है। सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं। आपकी मेहनत, लगन व आत्मविश्वास ने यह सफलता दिलाई है। अभ्यर्थी अपना परिणाम HSSC की आधिकारिक वेबसाइट http://hssc.gov.in/result पर देख सकते हैं।

यह रिजल्ट आयोग द्वारा 2023 में आयोजित की गई परीक्षा का है, जो आरक्षण संबंधी विवादों और कुछ अदालती कारणों से रुका हुआ था। इस परिणाम के जारी होने से चयनित युवाओं को जहां एक ओर खुशी मिली है, वहीं वे उन हजारों अन्य चयनित युवाओं की कतार में शामिल हो गए हैं, जो पहले से ही विभागों में नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। इन युवाओं का चयन सैनी सरकार के पिछले कार्यकाल में हुआ था।

कटऑफ में सामान्य वर्ग सबसे आगे

जारी परिणाम में सामान्य वर्ग की कटऑफ सबसे ज्यादा 74 अंक रही। वहीं EWS और BC-B वर्ग की कटऑफ 73 रही। BC-A वर्ग के लिए कट-ऑफ 71.76 अंक रही जबकि OSC (अन्य सामाजिक श्रेणी) की कटऑफ 68.27 व वंचित सामाजिक श्रेणी की कटऑफ 66.83 अंक रही।

एक महत्वपूर्ण बात यह रही कि हरियाणा की भर्ती के इतिहास में पहली बार वंचित अनुसूचित जाति (DSC) वर्ग को आरक्षण का लाभ मिला, जिससे इस समाज के करीब 600 युवाओं का चयन संभव हो सका। यह कदम सामाजिक समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

विज्ञापन

आरक्षण विवाद के बाद जारी हुआ रिजल्ट

हरियाणा सरकार ने पहले ही HSSC को ग्रुप D के 7596 पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव भेजा था। इसके तहत आयोग को चयन सूची तैयार करनी थी। सरकार की ओर से SC आरक्षण को वर्गीकृत किया गया था, जिसके तहत 1209 पद वंचित अनुसूचित जाति (DSC) और अन्य SC वर्गों (OSC) के लिए आरक्षित किए गए थे।

कुछ अभ्यर्थियों ने इस आरक्षण नीति को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट की मंजूरी के बाद ही अब जाकर आयोग ने इन पदों पर रिजल्ट घोषित किया है। गौरतलब है कि ग्रुप-डी की यह परीक्षा 21-22 अक्टूबर 2023 को हुई थी, जिसके लिए ऑनलाइन फॉर्म भरवाए गए थे। इसमें पहले प्री कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) और बाद में लिखित पेपर आयोजित किया गया था।

पहले से चयनित युवा भी नियुक्ति के इंतजार में

यह एक विडंबना है कि जहां एक ओर नए परिणाम जारी हुए हैं, वहीं दूसरी ओर हरियाणा में पहले से ही ग्रुप-D में चयनित युवा अपनी पोस्टिंग का इंतजार कर रहे हैं। इनको भी 2023 में ग्रुप डी भर्ती (विज्ञापन संख्या 01/2023) में पास किया था, लेकिन अब तक उन्हें किसी विभाग में नियुक्ति नहीं मिली।

इन युवाओं को नियुक्त करने के लिए लगभग 2 सप्ताह पहले सरकार ने विभागों से ग्रुप डी से जुड़े खाली पदों की जानकारी देने के लिए कहा था। हालांकि, अभी तक विभागों ने सरकार को खाली पदों की स्थिति स्पष्ट नहीं की है। इसके अलावा, सरकार ने HSSC से भी चयनित कैंडिडेट्स की लिस्ट मांगी थी।

सैनी सरकार के पिछले कार्यकाल का मामला

यह मामला सैनी सरकार के पिछले कार्यकाल के अंतिम समय का है, जब ग्रुप सी और डी के 24 हजार पदों पर भर्ती की गई थी। इसके बाद जब भाजपा की प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनी तो मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शपथ ग्रहण से पहले इन युवाओं को नियुक्ति पत्र देने के आदेश दिए थे।

इसके बाद ग्रुप C के सभी युवाओं को विभागों में नियुक्ति मिल गई थी, जबकि ग्रुप डी के कुछ युवाओं को नियुक्ति मिली, लेकिन कुछ चयनित युवाओं की नियुक्ति अभी भी होनी बाकी है। सरकार और संबंधित विभागों से उम्मीद है कि वे जल्द ही इन लंबित नियुक्तियों को पूरा करेंगे ताकि चयनित युवा अपनी सेवाएं शुरू कर सकें।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

विज्ञापन
Next Story
विज्ञापन