आत्महत्या करने वाले IPS की पत्नी से मिले CM सैनी: IAS अमनीत बोलीं- पोस्टमॉर्टम की होगी वीडियोग्राफी, मैं खुद मौजूद रहूंगी

IPS वाई पूरन कुमार की IAS पत्नी अमनीत पी कुमार से घर पर मुलाकात करने पहुंचे सीएम नायब सैनी।
हरियाणा के वरिष्ठ IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार की कथित आत्महत्या का मामला अब एक बड़े प्रशासनिक और राजनीतिक विवाद में बदल गया है। उनकी IAS अधिकारी पत्नी अमनीत पी. कुमार ने सीधे हरियाणा के DGP शत्रुजीत कपूर और रोहतक के SP नरेंद्र बिजारणिया के खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-11 थाने में उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जापान दौरे से लौटे मुख्यमंत्री नायब सैनी अब अमनीत पी. कुमार से मिलने उनके आवास पर पहुंच रहे हैं, जहां वह जांच को लेकर कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।
पोस्टमॉर्टम पर IAS पत्नी की दो टूक
बुधवार को जापान से चंडीगढ़ लौटीं IAS अमनीत पी. कुमार ने अधिकारियों के सामने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपने पति वाई पूरन कुमार के शव का पोस्टमॉर्टम तुरंत नहीं होने देंगी। उन्होंने कहा है कि पोस्टमॉर्टम पर फैसला तब लिया जाएगा जब उनकी बड़ी बेटी अमेरिका से चंडीगढ़ पहुंच जाएगी। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार अमनीत कुमार ने यह स्पष्ट शर्त रखी है कि वह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के दौरान खुद मौजूद रहेंगी और पूरी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। इसके बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। पूरन कुमार का शव फिलहाल चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
DGP और SP पर लगाए गंभीर आरोप
अमनीत पी. कुमार ने अपनी शिकायत में हरियाणा पुलिस के दो शीर्ष अधिकारियों पर अत्यंत गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि DGP और SP ने उनके पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और उत्पीड़न किया। वरिष्ठ IAS अधिकारी का दावा है कि उनके पति को SC/ST समुदाय से होने के कारण बार-बार जातिसूचक गालियां दी गईं और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। इस शिकायत ने पूरे प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है और अब चंडीगढ़ पुलिस इस मामले में FIR दर्ज करने के लिए कानूनी पहलुओं पर विचार कर रही है।
अंतिम नोट में DGP का नाम
हरियाणा के वरिष्ठ IPS अधिकारी की कथित आत्महत्या के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। सुसाइड नोट में सीधे तौर पर वरिष्ठ अधिकारियों के नाम का उल्लेख है, जिसमें हरियाणा के DGP का नाम भी शामिल है। यह जानकारी मिलते ही प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
2001 बैच के IPS अधिकारी, 52 वर्षीय वाई पूरन कुमार, अपने सेक्टर-11 स्थित घर के बेसमेंट में गोली लगने से घायल अवस्था में पाए गए थे। अधिकारियों के अधिकारों और वरिष्ठता से संबंधित मामलों में अपनी मुखरता के लिए जाने जाने वाले पूरन कुमार को हाल ही में रोहतक के पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (PTC), सुनारिया में महानिरीक्षक (IG) के पद पर तैनात किया गया था। इस नोट के खुलासे ने मामले की जांच को एक नया मोड़ दे दिया है और अब उन सभी वरिष्ठ अधिकारियों पर शिकंजा कस सकता है जिनका नाम इसमें दर्ज है।
चंडीगढ़ लौटने पर IAS पत्नी का आक्रामक रुख
मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ ऑफिशियल टूर पर जापान गईं अमनीत पी. कुमार बुधवार सुबह चंडीगढ़ लौटीं। सबसे पहले वह अपने सरकारी आवास पहुंची, जहां हरियाणा के चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी समेत कई बड़े IAS और IPS अफसरों ने उनसे मुलाकात की। सरकारी आवास पर अमनीत कुमार पति की आत्महत्या से बेहद आक्रामक और भावुक नजर आईं। जब अधिकारियों ने विवादों से अनभिज्ञता जाहिर की, तो अमनीत ने दो टूक कहा कि इस मामले में सुसाइड नोट में जिन्हें भी जिम्मेदार ठहराया गया है, उनके खिलाफ वह कार्रवाई करवाकर ही रहेंगी।
पूरन कुमार ने आत्महत्या करने से पहले सुसाइड नोट (7 अक्टूबर की तारीख) और वसीयत (6 अक्टूबर की तारीख) छोड़ी थी। सुसाइड नोट उन्होंने अपनी पत्नी और दो अन्य अफसरों को भी भेजा था। वसीयत में उन्होंने अपनी सारी प्रॉपर्टी अपनी पत्नी के नाम की है। मुख्यमंत्री नायब सैनी की यह मुलाकात अब जांच की दिशा और प्रशासनिक जवाबदेही तय करने के लिए निर्णायक साबित हो सकती है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
