हरियाणा के यमुनानगर जिले में हिमाचल नंबर की अनियंत्रित कार ने सड़क के किनारे खड़े दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। प्रतापनगर क्षेत्र में हुई भयंकर दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही तड़पकर मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में वह जीवन और मौत के बीच लड़ाई लड़ रहा है। आरोपी चालक हादसे के बाद कार के साथ मौके से भाग निकला।
सड़क किनारे खडे़ थे दोनों
प्रतापनगर के बहादुरपुर गांव के पास यह हादसा हुआ। गांव बहादुरपुर का रहने वाला तरुण पुत्र किर्तन पाल और उसका दोस्त गौरव सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे। दोनों खेतों में फसल काटने का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे।
सड़क किनारे बातचीत के दौरान वहां से गुजर रहे स्थानीय स्कूल के मैनेजर सतीश कुमार ने स्कूटी रोककर इन युवकों से फसल कटाई के बारे में चर्चा करने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शी सतीश ने पुलिस को बताया कि वे बात कर ही रहे थे कि तभी मुख्य सड़क की ओर से हिमाचल प्रदेश के नंबर वाली कार काफी तीव्र गति और लापरवाही से आती दिखी। ड्राइवर ने कार से नियंत्रण खो दिया और वह सीधे तरुण और गौरव से टकरा गई।
टक्कर के बाद हवा में उछल गए दोनों युवक
वारदात स्थल पर खड़े लोगों के अनुसार टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों युवक उछलकर काफी दूर जाकर गिरे। तरुण का सिर सड़क पर लगने से उसे गंभीर चोटें लग गईं। वहीं, गौरव कच्ची जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद आरोपी चालक ने कुछ देर के लिए अपनी गाड़ी रोकी, लेकिन लोगों को मौके पर जमा होता देखकर वह तेजी से कार लेकर वहां से भाग निकला। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद शुरू कर घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने एक को किया मृत घोषित, दूसरा चंडीगढ़ पीजीआई रेफर
स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायल युवको को सिविल अस्पताल ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तरुण को मृत घोषित कर दिया जबकि गौरव की नाजुक स्थिति को देखकर उसे प्राथमिक इलाज देकर यमुनानगर के सिविल अस्पताल भेजा गया, परंतु उसकी चोटों को देखते हुए यहां भी डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ PGI भेज दिया।
पुलिसिया कार्रवाई और आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही तुरंत प्रतापनगर पुलिस सक्रिय हो गई। जांच अधिकारी रोहताश सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके का दौरा कर तरुण के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सतीश कुमार के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पुलिस का कहना है कि हिमाचल नंबर की कार की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच अधिकारी ने कहा कि आरोपी को जल्द ही जेल भेजा जाएगा।
(हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें। )