Logo
हरियाणा में पिछले दस दिनों से आग उगलने वाली भीषण गर्मी व लू चल रही है। शनिवार से नौतपा शुरू हो गया, जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में पिछले दो दिनों की आंशिक राहत के बाद एक फिर से तापमान में उछाल देखने को मिला।

Haryana: पिछले दस दिनों से पूरा प्रदेश आग उगलने वाली भीषण गर्मी व लू की चपेट में है। शनिवार से नौतपा शुरू हो गया, जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में पिछले दो दिनों की आंशिक राहत के बाद एक फिर से तापमान में उछाल देखने को मिला। भीषण गर्मी व लू के चलते भारतीय मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर रखा है। वहीं देश के दस सबसे गर्म शहरों में से आठ शहर इस समय राजस्थान में हैं, जहां फलौदी में तापमान 49 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भीषण गर्मी के लिए यह मौसमी कारक जिम्मेदार

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सम्पूर्ण मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर भीषण गर्मी के लिए अनेक मौसमी कारक जिम्मेदार हैं। सबसे ज्यादा अहम व महत्वपूर्ण भूमिका किसी क्षेत्र में चलने वाली हवाएं निभाती है। वर्तमान परिदृश्य में सम्पूर्ण इलाके में गर्म व शुष्क पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जो बलूचिस्तान व थार रेगिस्तान जैसे क्षेत्रों से आगाज कर रही हैं। यह हवाएं उन क्षेत्रों से गुजरती है। जहां तापमान 50 डिग्री तक पहुंच जाता है। वहीं इन दिनों में नौतपा शुरू हो जाता है, जिससे पृथ्वी की स्थिति सूर्य के नजदीक आ जाती है, जिसकी वजह से सुबह से शाम तक सूर्यदेव की उष्ण तीक्षण चमकदार किरणें आग उगलने लगती हैं। इसके अलावा प्री-मानसून गतिविधियां नदारद है। कोई भी मौसम प्रणाली वर्तमान समय में विकसित नहीं होने की वजह से गर्मी व गंभीर हीट वेव लू अपने तेवरों को और प्रचंड रूप अख्तियार करने लगती हैं।

प्री मानसून की बारिश तापमान को रखी थी नियंत्रित

आमतौर पर अप्रैल व मई में प्री-मानसून बारिश तापमान को नियंत्रित करने में मदद करती है, लेकिन पिछले सप्ताह उत्तर-पश्चिमी भारत में कोई खास बारिश नहीं हुई। जिससे लगातार मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है। हालांकि पिछले दो दिनों से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में हल्की दक्षिणी पुरवाई चलने से सम्पूर्ण इलाके में तापमान में आंशिक गिरावट जरूर दर्ज हुई है, लेकिन इस दौरान सम्पूर्ण इलाके में आमजन को उमस भरी पसीने वाली गर्मी से रूबरू होना पड़ा। शनिवार को फिर से सम्पूर्ण इलाके पर मरूस्थलीय पश्चिमी हवाओं के आगाज व सूर्य की तपिश के चलते सम्पूर्ण इलाके में तापमान में उछाल देखने को मिला।

प्रदेश में 45 डिग्री पहुंचा तापमान

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि शनिवार को हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान 27 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर दिन का तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं नारनौल व महेंद्रगढ़ का रात्रि तापमान क्रमश: 31.0 डिग्री सेल्सियस व 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नारनौल व महेंद्रगढ़ में दिन का तापमान क्रमश: 45.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 28 मई से एक बार फिर से हवाओं की दिशा में बदलाव होने की संभावना बन रही है, जिसकी वजह से आमजन को कुछ राहत मिल सकती है।

5379487