मौसम अलर्ट: पहाड़ों पर बर्फबारी होने से बढ़ेगी ठंड, दिन में धूप तो सुबह व शाम को चल रही शीत लहर

Fog covered the fields.
X
खेतों में छाई धुंध।
हरियाणा में पहाड़ों पर बर्फबारी होने से ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग ने यैलो अलर्ट जारी कर शीत लहर की भविष्यवाणी की है। 14 दिसम्बर तक शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा।

हरियाणा: पहाड़ों पर बर्फबारी होने से प्रदेश में ठंड लगातार बढ़ रही है। अलसुबह व देर शाम को शीत लहर के चलते लोग कंपकपाने को मजबूर है। बुधवार को न्यूनतम तापमान जहां 4 डिग्री दर्ज किया, वहीं अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार का दिन मौसम का सबसे ठंडा दिन माना जा रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने यैलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी कर शीत लहर की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के अनुसार 14 दिसम्बर तक शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रही बर्फबारी

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना व्यक्त की है। आईएमडी का कहना है कि पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी हो रही है। इस कारण 14 दिसम्बर तक शीत लहर चलेगी। रात का तापमान ओर गिर सकता है। बता दें कि लंबे इंतजार के बाद उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सर्दियों में बारिश देखने को मिल रही है। हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में अच्छी बर्फबारी का असर हरियाणा में देखने को मिल रहा है। हिमाचल में सीजन की पहली अच्छी बर्फबारी होने का कारण पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) है। हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी हलकी बारिश की गतिविधियां रही।

मैदानी क्षेत्रों में होगी कड़ाके की ठंड

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के आगे निकलने के बाद पहाड़ों से आने वाली उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों के तापमान में बड़ी गिरावट लाएंगी, जिसके कारण जबरदस्त ठंड देखने को मिल सकती है। इन दिनों हरियाणा में तापमान (Temperature) 4 डिग्री के आसपास चल रहा है जबकि अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच घूम रहा है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि आगे पश्चिम विक्षोभ की संभावना नहीं है लेकिन कमजोर श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ आते रहेंगे।

बादल छाने के बने रहेंगे आसार

कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मौसम (Weather) में ये बदलाव पहाड़ों में एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ से संभव हुआ है। इसके आंशिक प्रभाव से हवा की दिशा में बदलाव होने से बादल छाने के आसार लगातार बने हुए हैं, इससे रात और दिन के तापमान में कमी आने के आसार बन रहे हैं। हालांकि मौसम खुलने से और पहाड़ों की हवाओं से आने वाले दिनों में दिन व रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story