हरियाणा का रोहतक शहर एक बार फिर गैंगवार की थर्राहट से गूंज उठा है। दिल्ली बाईपास स्थित आईजी कार्यालय से मात्र 50 मीटर की दूरी पर बदमाशों ने दिनदहाड़े सोनीपत के रहने दिनेश उर्फ गोगा की बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर बेखौफ होकर गोलियां बरसाते नजर आ रहे हैं।
अस्पताल के बाहर 25 राउंड फायरिंग से दहला इलाका
वारदात रोहतक के नोबल हार्ट अस्पताल के ठीक बाहर अंजाम दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार दिनेश उर्फ गोगा वहां मौजूद था, तभी तीन हथियारबंद बदमाशों ने उसे घेर लिया। हमलावरों के पास पांच पिस्तौलें थीं, जिनसे उन्होंने दिनेश पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमला इतना अचानक और भीषण था कि दिनेश को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
पुलिस को घटनास्थल से 25 खाली खोल बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि दिनेश के शरीर पर 20 से अधिक गोलियों के निशान मिले हैं, जिनमें से ज्यादातर उसकी छाती, पेट और चेहरे पर लगी थीं। हत्या के बाद बदमाश हवा में फायरिंग कर पैदल ही फरार हो गए।
सीसीटीवी में खौफनाक मंजर कैद
अस्पताल के बाहर लगे कैमरों में कैद वीडियो में देखा जा सकता है कि दो युवक वहां चिप्स और कोल्ड ड्रिंक लेकर सामान्य रूप से जा रहे थे। तभी पीछे से आए हमलावरों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। वीडियो में एक बदमाश के दोनों हाथों में हथियार दिखाई दे रहे हैं। फायरिंग करने के बाद हमलावर बड़ी फुर्ती से हथियारों को जेब में छिपाकर मौके से भागते देखे गए हैं। इस खौफनाक घटना को देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर दहशत में आ गए और जान बचाने के लिए छिपने लगे।
बाबा गैंग बनाम हिमांशु भाऊ गैंग का 2019 से जारी है खूनी खेल
पुलिस की जांच में यह साफ हो गया कि यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा है। मृतक दिनेश उर्फ गोगा गांव रिटोली के कुख्यात 'बाबा गैंग' का सक्रिय सदस्य था। पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे 'हिमांशु भाऊ गैंग' का हाथ है। इन दोनों गुटों के बीच साल 2019 से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है, जिसमें अब तक 6 लोगों की जान जा चुकी है।
कब कब हुआ गैंगवार
• 2 मार्च 2022 : बाबा गैंग ने हिमांशु भाऊ के चचेरे भाई रोहित उर्फ बजरंग और उसके दोस्त राजेंद्र की हत्या की थी।
• 7 मार्च 2022 : बदले की कार्रवाई में हिमांशु भाऊ ने बस अड्डे पर बाबा गैंग के हंसराज की हत्या कर दी।
• 2 जून 2025 : अंकित उर्फ बाबा के चाचा अनिल कुमार की गांव रिटोली के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
• 19 दिसंबर 2025: शराब के ठेके पर फायरिंग हुई, जिसमें हिमांशु भाऊ गैंग का सदस्य दीपांशु मारा गया। माना जा रहा है कि दिनेश की हत्या इसी दीपांशु की मौत का बदला है।
अंकित बाबा जेल में बंद है और हिमांशु भाऊ अमेरिका से चला रहा नेटवर्क
बाबा गैंग की कमान अंकित उर्फ बाबा के हाथों में है, जो फिलहाल जेल में बंद है। अंकित पर हत्या, मारपीट और रंगदारी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, उसका कट्टर दुश्मन हिमांशु भाऊ विदेश से अपना गैंग चला रहा है। बताया जाता है कि हिमांशु 2022 में फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से फरार हो गया था और वर्तमान में अमेरिका (USA) में बैठकर हरियाणा में अपना नेटवर्क ऑपरेट कर रहा है।
पुलिस की कई टीमों का गठन
आईजी ऑफिस जैसे सुरक्षित क्षेत्र के पास इस तरह की वारदात ने पुलिस की चौकसी पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। मामले की जांच कर रहे अधिकारियों का कहना है कि दिनेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों के इनपुट्स के आधार पर कई टीमों का गठन किया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रोहतक में इस ताजा घटना के बाद तनाव का माहौल है और स्थानीय निवासी गैंगवार की इस बढ़ती आग से सहमे हुए हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
