मशहूर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार रात सिरसा के जननायक चौधरी देवीलाल विद्यापीठ में आयोजित एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान भारी हंगामा हुआ। सिंगर पर सरकार द्वारा प्रतिबंधित गाने गाने और क्षेत्र विशेष पर टिप्पणी करने के आरोप लगे हैं, जिसके बाद भीड़ बेकाबू हो गई।
बाउंसरों के फूले हाथ-पांव
जींद विवाद के बाद मासूम शर्मा का यह पहला बड़ा शो था। मंच पर पहुँचते ही उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा प्रतिबंधित किए गए अपने चर्चित गाने 'चंबल के डाकू' और 'खटोला' गाने शुरू कर दिए। इन गानों के बजते ही पंडाल में मौजूद युवा बेकाबू हो गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भीड़ बैरिकेड्स तोड़कर स्टेज तक पहुँच गई और कुछ युवक बिजली के पोल पर चढ़ गए। पुलिस और निजी बाउंसरों की पूरी फौज भी इस हुड़दंग को रोकने में नाकाम रही।
"पंजाबी बेल्ट को कम पता है..." – विवादित बयान
शो के दौरान मासूम शर्मा ने अपने गाने 'खटोला' का अर्थ समझाते हुए कहा, "हरियाणा वाले तो खटोला शब्द जानते हैं, पर यहाँ सिरसा के साथ लगती पंजाबी बेल्ट को इसके बारे में कम पता होगा।" उनके इस बयान को क्षेत्रवाद और भाषाई आधार पर कमेंट के रूप में देखा जा रहा है, जिससे सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है।
अव्यवस्था के कारण बीच में छोड़ना पड़ा शो
हंगामे और साउंड सिस्टम में खराबी के चलते शो को कई बार रोकना पड़ा। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि मुख्य अतिथि के रूप में बुलाए गए इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला और सिरसा एसपी दीपक सहारण कार्यक्रम में नहीं पहुँचे। जेसीडी मैनेजमेंट ने स्थिति बिगड़ने के डर से बीच में ही मासूम शर्मा को सम्मानित कर विदा किया, ताकि भीड़ को शांत किया जा सके।
विवादों का 'पुराना नाता'
मासूम शर्मा पहले भी कई बार अपने व्यवहार को लेकर चर्चा में रहे हैं:
- जींद विवाद (फरवरी 2026): मंच से एक पूर्व सरपंच को नीचे उतारने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर सरपंच एसोसिएशन ने उनका कड़ा विरोध किया था।
- फैन का फोन तोड़ा: हिसार में सेल्फी ले रहे एक प्रशंसक का फोन छीनकर जमीन पर पटकने का आरोप।
- गुरुग्राम कांड: एक शो के दौरान फैन की गर्दन (गुद्दी) पकड़कर बदसलूकी करने का वीडियो वायरल हुआ था।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।