Hisar Murder Case: हरियाणा पुलिस ने हिसार जिले में एक महिला बैंक कर्मचारी की हत्या के मामले को सुलझा लिया है। हरियाणा पुलिस ने बताया कि मृतका महिला महक की हत्या उसके ही पति अंशुल ने की थी। फिलहाल पुलिस ने अंशुल धवन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पुलिस ने जब पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल भी कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। उसने आगे बताया कि वैलेंटाइन डे के दिन उसके फोन पर अननोन नंबर से कॉल और मैसेज आ रहे थे। इस वजह से उसका शक और गहरा हो गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पति ने इसी बात से नाराज होकर अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रची। बताया जा रहा है कि महक की उम्र 27 साल थी और वह गर्भवती थी। अंशुल ने महक की हत्या करने का प्लान तैयार कर लिया और वह महक के साथ हिसार में वैलेंटाइन डे मनाने आया। उस दिन वह हिसार में रुके और अगले दिन यानी की 15 फरवरी को महक के घर हांसी में पहुंचे। यहां भी वह लोग कुछ देर के लिए रुके और शाम के समय में गुरुग्राम के लिए रवाना हुए। इसी बीच अंशुल ने पुलिस को कॉल करके सूचना दी की उनके साथ लूटपाट की वारदात हुई है। हालांकि आरोपी की यह कहानी ज्यादा देर तक टिक नहीं पाई और पुलिस ने दोनों के मोबाइल को खंगालना शुरू किया कि आखिर दोनों के बीच झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अंशुल को रिमांड पर लेने का प्लान बनाया।
पुलिस ने जांच में पाया कि पहले आरोपी ने गाड़ी में महक का गला दबाया और इसके बाद उसके गले पर कैंची से 6 वार किए। अंशुल ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद के भी माथे पर चोट मार ली ताकि इसे एक लूट की घटना का रूप दिया जा सके। पुलिस के मुताबिक, हांसी से गुरुग्राम जाते वक्त दोनों के बीच गाड़ी में विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी अंशुल ने इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा कि आरोपी ने कानून के पंजे से बचने के लिए गला दबाने से पहले अपने हाथों में ग्लव्स पहन लिए थे, जिन्हें पुलिस ने तलाशी के दौरान जब्त कर लिया।