हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के बाद शुरू हुआ क्रॉस वोटिंग का विवाद अब कांग्रेस के लिए एक गहरे सियासी संकट में बदल गया है।

विधायकों के बागी तेवरों को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान ने दिल्ली में मोर्चा संभाल लिया है। आज दिल्ली में राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की एक अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें क्रॉस वोटिंग करने वाले और बागी सुर अपनाने वाले विधायकों पर 'सर्जिकल स्ट्राइक' जैसी कार्रवाई की तैयारी है।

अब होगीअनुशासन की अग्निपरीक्षा 
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की अनुशासन समिति ने जिन 5 विधायकों को शो-कॉज नोटिस जारी किया था, उनमें से 4 ने समय सीमा बीतने के बाद भी कोई जवाब नहीं दिया है।जवाब न देने वाले विधायकों में शैली चौधरी, रेणु बाला, मो. इलियास और मो. इसराइल।

5वें विधायक: जरनैल सिंह के जवाब की समय सीमा कल समाप्त होगी
हैरानी की बात यह है कि ये विधायक न केवल नोटिस को नजरअंदाज कर रहे हैं, बल्कि सार्वजनिक मंचों पर 'अंतरात्मा की आवाज' का हवाला देकर पार्टी लाइन के खिलाफ बयानबाजी भी कर रहे हैं।

दिल्ली की बैठक में दिग्गजों का जमावड़ा
दिल्ली में होने वाली इस बैठक में हरियाणा के सभी 5 लोकसभा सांसदों के शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि, चर्चा का विषय कुमारी सैलजा की दूरी बनी हुई है, जो इस पूरे घटनाक्रम से फिलहाल किनारा किए हुए हैं। दीपेंद्र हुड्डा, वरुण मुलाना, जेपी और सतपाल ब्रह्मचारी जैसे दिग्गज नेता पहले ही इस मुद्दे पर एकजुट दिख रहे हैं।

क्या गिर सकती है गाज?
पार्टी हाईकमान अब अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। सूत्रों की मानें तो बागी विधायकों पर निम्नलिखित कार्रवाई हो सकती है। विधायकों को प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया जा सकता है। जो विधायक पार्टी के पदों पर हैं, उन्हें तुरंत हटाया जा सकता है।भविष्य में होने वाले विधानसभा चुनावों में इन विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं।

विवाद की जड़: क्रॉस वोटिंग और रद्द वोट
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की हार का मुख्य कारण 4 विधायकों के वोट रद्द होना और 5 विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग करना रहा। पार्टी इसे सीधे तौर पर विश्वासघात मान रही है। हाईकमान ने हरियाणा इकाई से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।