Yamunanagar cylinder blast: हरियाणा के यमुनानगर स्थित सलेमपुर गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यहां एक प्रवासी परिवार के घर में एलपीजी सिलेंडर फटने से 4 बच्चों और 2 महिलाओं सहित कुल 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। धमाका इतना जबरदस्त था कि घर की दीवारें ढह गई और लेंटर में दरारें आ गईं। घायलों में एक गर्भवती महिला और दो ऐसे बच्चे भी शामिल हैं जिनका शरीर बुरी तरह जल चुका है।
छोटे सिलेंडर में गैस भरने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 8:00 बजे की है। घर के अंदर बड़े एलपीजी सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी (गैस रिफिलिंग)। इसी दौरान अचानक गैस लीक होने से तेज धमाका हुआ और पूरे कमरे में आग लग गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग बचाव के लिए दौड़े।
किस्मत ने बचाई घर के कई सदस्यों की जान
चश्मदीदों के मुताबिक, जिस कमरे में ब्लास्ट हुआ, वहां दो अन्य भरे हुए सिलेंडर भी रखे थे, जो गनीमत रही कि आग की चपेट में नहीं आए। इसके अलावा, हादसे से महज आधा घंटा पहले ही परिवार के कई अन्य सदस्य फैक्ट्री में काम करने के लिए निकल चुके थे। यदि ब्लास्ट थोड़ा पहले होता, तो हताहतों की संख्या कहीं ज्यादा हो सकती थी।
सिविल अस्पताल जगाधरी में भर्ती घायल
हादसे की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी 10 घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल जगाधरी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कई घायलों की हालत बेहद नाजुक है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसे का कारण गैस ट्रांसफर के दौरान बरती गई लापरवाही माना जा रहा है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।