साइबर सिटी के गोल्फ कोर्स रोड का सनसनीखेज मामला, भीड़भाड़ और अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों आरोपी युवतियां फरार हो गईं।

साइबर सिटी गुरुग्राम के पॉश इलाके में चोरी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर 53 में गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित एक वाइन शॉप के बाहर दो युवतियों ने एक युवक को अपनी बातों में फंसाया और बड़ी चालाकी से उसकी कीमती सोने की अंगूठी चोरी कर फरार हो गईं। वारदात को अंजाम देने के लिए युवतियों ने पहले सिगरेट मांगी और फिर अनैतिक संबंधों का लालच देकर युवक का ध्यान भटकाया।

शराब ठेके के बाहर शुरू हुआ घटनाक्रम 
यह घटना सोमवार देर रात की है, जब डीएलएफ फेज-3 का रहने वाला अनुराग अपनी कार से गोल्फ कोर्स रोड स्थित 'जी-टाउन वाइन्स' के बाहर खड़ा था। अनुराग के अनुसार वह अपनी गाड़ी में बैठा था तभी एक युवती उसके पास आई और सिगरेट मांगने लगी। अभी वह कुछ समझ पाता, तब तक वहां दूसरी युवती भी पहुंच गई और उसने भी सिगरेट की डिमांड शुरू कर दी। 

जबरन कार में बैठी और 'रिलेशन' का ऑफर 
पीड़ित ने बताया कि पिंक ड्रेस पहनी एक युवती अचानक उसकी कार का दरवाजा खोलकर अंदर बैठ गई। युवक ने जब इसका विरोध किया और उसे गाड़ी से नीचे उतरने को कहा तो युवती ने उसे शारीरिक संबंध (Physical Relation) बनाने का ऑफर देना शुरू कर दिया।  युवक ने युवती की इस हरकत पर आपत्ति जताई और उसे तुरंत कार से बाहर निकलने के लिए जोर दिया।

हाथ खींचने के बहाने अंगुली से निकाली अंगूठी
अनुराग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वह युवती को बाहर धकेलने की कोशिश कर रहा था, उसी छीना-झपटी के दौरान युवती ने उसका हाथ जोर से खींचा। उस वक्त अनुराग को लगा कि युवती गुस्से में हाथ खींच रही है, लेकिन उसके जाने के कुछ ही मिनटों बाद जब उसने गौर किया, तो उसकी अंगुली से सोने की अंगूठी गायब थी। युवती ने बड़ी सफाई से युवक का हाथ पकड़कर अंगूठी निकाल ली थी और भीड़ का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गई। 

रात भर गुलजार रहता है इलाका 
गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित यह वाइन शॉप पूरी रात खुली रहती है, जिस कारण यहां देर रात तक काफी चहल-पहल बनी रहती है। शराब की दुकान के मालिक का कहना है कि यहां बड़ी संख्या में युवतियां भी शराब खरीदने आती हैं, जिसकी आड़ में ऐसी संदिग्ध गतिविधियां बढ़ गई हैं। इसी भीड़भाड़ का लाभ उठाकर आरोपी युवतियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की है और दावा किया है कि जल्द ही दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।