चित्रा सरवारा ने विज से पूछा- आपका हर मुख्यमंत्री से क्यों होता है विरोध, यह रिश्ता क्या कहलाता है

Chitra Sarwara
X
अंबाला कैंट से निर्दलीय प्रत्याशी रहीं चित्रा सरवारा।
अंबाला कैंट से निर्दलीय मैदान में उतरीं चित्रा सरवारा ने वीडियो जारी कर विज से पूछा गद्दार से आपका क्या मतलब है, जो लोग पहले कभी आपके साथ थे और इस बार वे मेरे साथ हैं।

अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज के सीएम नायब सैनी के खिलाफ मोर्चा खोलने की लड़ाई में अब चित्रा सरवारा भी कूद गई हैं। उन्होंने वीडियो जारी कर अनिल विज पर सवाल उठाए हैं। दरअसल अनिल विज ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर पूछा था कि जो लोग चित्रा सरवारा के साथ विधानसभा चुनाव में थे, वह खुद को सीएम नायब सिंह सैनी का परममित्र बताते हैं। उन्होंने एक कार्यकर्ता आशीष तायल का नाम लेते हुए सीएम पर निशाना साधा। उन्होंने पोस्ट पर गद्दार तक लिख दिया और कहा था कि यह रिश्ता क्या कहलाता है।

जिसने वोट नहीं दिया तो क्या वे सब गद्दार हैं

अंबाला कैंट से निर्दलीय मैदान में उतरीं चित्रा सरवारा ने वीडियो जारी कर विज से पूछा कि गद्दार से आपका क्या मतलब है, जो लोग पहले कभी आपके साथ थे और इस बार वे मेरे साथ हैं। तो ऐसे में मैं आपसे कहना चाहूंगी कि इन 5-7 फोटो से कुछ नहीं होगा। आप अंबाला कैंट विधानसभा क्षेत्र की पूरी लिस्ट निकाल लें और उन हजारों लोगों को ढूंढें, जिन्होंने आपके खिलाफ वोट डाला है। लोकतंत्र में यह बेहद दुखद बात है कि नेता अब जनता को अपने वोट का इस्तेमाल करने पर भी गद्दार की संज्ञा देने लगे।

अपने मुख्यमंत्री से क्यों नहीं पूछते

चित्रा सरवारा ने कहा कि अनिल विज सीधे-सीधे अपने मुख्यमंत्री से ही पूछ लें। वे हमारे या हमारे कार्यकर्ताओं के कंधों का सहारा क्यों ले रहे हैं। वे मुख्यमंत्री को जो बात कहना या पूछना चाहते हैं वे सीधे तौर पर ही पूछें। उन्होंने कहा कि हम अनिल विज से यह भी पूछना चाहते हैं कि आपके पिछले हर कार्यकाल में मुख्यमंत्रियों के साथ विरोध का जो भाव रहा है, यह रिश्ता क्या कहलाता है।

अनिल विज ने शेयर किया था वीडियो

अनिल विज ने एक्स पर वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें नीचे गद्दार भी लिखा हुआ था। विज ने नायब सैनी पर निशाना साधते हुए लिखा कि आशीष तायल के साथ विधानसभा चुनावों के दौरान जो कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं, वही कार्यकर्ता बीजेपी की विरोधी उम्मीदवार चित्रा सरवारा के साथ भी नजर आ रहे हैं। आगे अनिल विज ने सवाल पूछते हुए लिखा कि ये रिश्ता क्या कहलाता है, क्योंकि आशीष तायल आज भी नायब सैनी के परम मित्र बने हुए हैं। ऐसे में सवाल यह उठता है कि भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ मुखालफत किसने करवाई यानी कि उन्हें भाजपा प्रत्याशी का विरोध करने के लिए किसने मजबूर किया।

चित्रा ने दी थी अनिल विज को कांटे की टक्कर

अंबाला कैंट से कांग्रेस का टिकट न मिलने पर चित्रा सरवारा निर्दलीय मैदान में उतरी थीं। उन्होंने अनिल विज को कांटे की टक्कर दी थी। अनिल विज को जहां 59858 वोट मिले थे तो वहीं, चित्रा को 52581 मत मिले थे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story