हरियाणा में हाड़तोड़ ठंड का कहर: कोहरे के बीच सूर्यदेव की तपिश पड़ी फीकी, जनजीवन हुआ अस्त व्यस्त

Vehicles passing through fog.
X
कोहरे के बीच गुजरते वाहन। 
हरियाणा में नए साल की शुरूआत कोहरे और हाड़ कंपकंपा देने वाली ठंड के साथ हुई। ठंड व कोहरे के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

हरियाणा: प्रदेश में हाड़तोड़ ठंड का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा। नए साल की शुरूआत कोहरे और हाड़ कंपकंपा देने वाली ठंड (Cold) के साथ हुई। ठंड व कोहरे के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बुधवार को दोपहर बाद सूर्य देव के दर्शन तो हुए, लेकिन धूप का कोई असर नहीं हुआ। बुधवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास बना रहा, जबकि अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर लोगों को ठंड से कांपते हुए देखा गया।

कोहरे के साथ चली शीतलहर

नए साल की शुरुआत घने कोहरे और जबरदस्त ठंड के बीच हुई। अलसुबह कोहरे के साथ-साथ शीतलहर भी चली, जिसके चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। वाहन भी सड़कों पर रेंग कर चलते हुए नजर आए। मौसम विशेषज्ञ (Weather Expert) प्रोफेसर डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि उत्तरी भारत से मध्य भारत तक हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सितम लगातार जारी है। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर हो रही बर्फबारी का असर साफ तौर पर मैदानी राज्यों के साथ पठारी क्षेत्रों पर देखने को मिल रहा है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड का तिहरा वार लगातार देखने को मिल रहा है।

प्रदेश में कोल्ड डे जैसे बने हालात

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी मौसम प्रणाली से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही भारी मात्रा में बर्फबारी का असर पहाड़ों, मैदानों और पठारों पर साफतौर पर देखने को मिल रहा है। संपूर्ण इलाके में कोहरा, शीतलहर के कारण कोल्ड डे जैसे हालात हैं। सुबह से दोपहर बाद तक ऊपरी सतह पर कोहरा छाया रहता है। सूर्य देव की रोशनी धुंधली बनी रहती है। लगातार उत्तरी बर्फीली हवाओं से रात का तापमान भी एक बार फिर से लुढ़कने लगा है। आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में ठंड का सिलसिला जारी रहेगा। 4 जनवरी व 7 जनवरी को भी एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव होने से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर बर्फबारी होगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story