इस रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हुई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण अधिकतम तापमान में औसतन 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। जहां इस बदलाव ने आम जनता को गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं।
ओलावृष्टि ने बढ़ाई किसानों की मुसीबत
प्रदेश के कई जिलों में भारी ओलावृष्टि ने रबी की फसलों को काफी नुकसान पहुँचाया है प्रभावित जिले: पानीपत, अंबाला, गुरुग्राम, रेवाड़ी, जींद और कैथल में जमकर ओले गिरे।तेज हवाओं और बारिश के कारण गेहूं की खड़ी फसल खेतों में बिछ गई है। वहीं, पक चुकी सरसों की फसल के दाने झड़ने से किसानों को बड़े आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है।
यमुनानगर में हाई वोल्टेज तार टूटने से थमी ट्रेनों की रफ्तार
यमुनानगर में रविवार देर रात आई आंधी ने जनजीवन को प्रभावित किया। शिव कॉलोनी के पास एक हाई वोल्टेज बिजली की लाइन टूटकर रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजर रहे तारों पर गिर गई। किसी बड़े हादसे को टालने के लिए स्टेशन मास्टर ने एहतियात के तौर पर ट्रेनों को रुकवा दिया। इस हादसे में आसपास के घरों के बिजली उपकरण जल गए और क्षेत्र में रातभर बिजली गुल रही।
कहां कितनी हुई बारिश?
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मेवात (मंढोला): 4.0 मिमी (सबसे अधिक),करनाल (इंद्री): 3.5 मिमी,गुरुग्राम: 1.0 मिमी,अंबाला: 0.2 से 0.3 मिमी
इसके अलावा हिसार, सिरसा, रोहतक, सोनीपत और फरीदाबाद में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
हिसार-सिरसा सबसे ठंडे
तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट हिसार और सिरसा में देखी गई, जहां पारा 5.2 से 5.3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। हालांकि, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान महेंद्रगढ़ में 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
18 मार्च से फिर मंडरा रहे हैं खतरे के बादल
मौसम विभाग के अनुसार, अभी राहत मिलने की उम्मीद कम है।
- 16-18 मार्च: बादल छाए रहेंगे और कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
- 18-21 मार्च: मौसम एक बार फिर उग्र हो सकता है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने की एडवाइजरी जारी
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम को देखते हुए अपनी फसलों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।