लाडो लक्ष्मी योजना: हरियाणा की 50 लाख महिलाओं के लिए खुशखबरी, हर माह मिलेंगे ₹2100

lado laxmi yojna
X

हरियाणा सरकार जल्द ही प्रदेश की 50 लाख महिलाओं के लिए शुरू करेगी लाडो लक्ष्मी योजना।

हरियाणा सरकार लाडो लक्ष्मी योजना जल्द शुरू करेगी। इसमें महिलाओं को हर माह 2,100 रुपये देने की तैयारी है। पहले चरण में 50 लाख महिलाओं को लाभ मिलेगा।

लाडो लक्ष्मी योजना हरियाणा : हरियाणा में जल्द ही महिलाओं पर 'लक्ष्मी' प्रसन्न होगी। महिलाओं को खाते में हर महीने 2100 रुपये मिलने शुरू हो जाएंगे। यह होगा भाजपा सरकार के चुनावी वादे लाडो लक्ष्मी योजना के शुरू होने पर। प्रदेश के बीपीएल परिवारों की करीब 50 लाख महिलाओं को इस योजना से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए उनकी फैमिली आईडी में बैंक खातों को लिंक किया जा रहा है।

सीएम सैनी को भेज चुके प्रस्ताव, तारीख का इंतजार

समाज कल्याण विभाग द्वारा इस योजना का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भेजा जा चुका है। जल्द ही इसे मुख्यमंत्री कार्यालय और वित्त विभाग से अंतिम मंजूरी मिलने की संभावना है। हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कहा कि योजना का खाका महिला हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें आय सीमा, आयु वर्ग और निवास प्रमाण जैसी शर्तों को भी शामिल किया गया है। कृष्ण बेदी ने स्पष्ट किया कि योजना के पहले चरण में 50 लाख पात्र महिलाओं को इसका लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।

योजना की लॉन्चिंग की तिथि पर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद ही लिया जाएगा। बता दें कि हरियाणा में करीब 52 लाख BPL परिवार हैं, जिनमें करीब 50 लाख परिवारों में योजना के लिए पात्र महिलाएं हैं।

चुनाव में बड़ा मास्टर स्ट्रोक साबित हुआ था यह संकल्प

मध्यप्रदेश में लाडली बहन योजना की सफलता के बाद इसे हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने प्रमुख संकल्प के तौर पर शामिल किया था। भाजपा ने 20 संकल्प लिए थे, जिसमें एक लाडो लक्ष्मी योजना का भी था। हरियाणा कांग्रेस ने भी 2000 रुपये महिलाओं को देने का ऐलान किया था, भाजपा ने 100 बढ़ाकर 2100 का ऐलान किया। इस वजह से महिला वोट बैंक जरूर आकर्षित हुआ। अब जनता भाजपा सरकार ने इस वादे के पूरे होने का बेसब्री से इंतजार कर रही है।

60 वर्ष तक की महिलाओं को ही मिलेगा लाभ

अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा सरकार 18 से 60 वर्ष की उम्र तक की महिलाओं को ही इस योजना में शामिल करेगी। 60 वर्ष के बाद महिलाएं वृद्धावस्था पेंशन की हकदार हो जाती हैं। हरियाणा में वृद्धावस्था पेंशन 3 हजार रुपये मिलती है। हालांकि एक बात और सामने आ रही है कि सरकार इसे 18 वर्ष से बढ़ाकर 23 वर्ष भी कर सकती है।

बजट में किया है 5 हजार करोड़ का प्रावधान

भाजपा के चुनाव जीतने के बाद सरकार पर दबाव है कि लाडो लक्ष्मी योजना को जल्द से जल्द शुरू किया जाए। इसलिए इस वित्तीय वर्ष में सीएम नायब सिंह सैनी ने 5 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान लाडो लक्ष्मी योजना के तहत किया है। हालांकि अगले वर्ष इसके बढ़ने की संभावना है क्योंकि यदि 50 लाख बीपीएल महिलाओं को योजना का लाभ दिया जाता है तो यह 12600 करोड़ रुपये होगा।

दूसरे राज्यों में मिलते हैं सिर्फ 1500 रुपये

मध्यप्रदेश में लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को 1250 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। इसे बढ़ाकर अब 1500 रुपये किया जाएगा। इस योजना के तहत 18 हजार 699 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। वहीं महाराष्ट्र में जुलाई, 2024 से शुरू हुई इस योजना के तहत 1500 रुपये प्रति माह देने की व्यवस्था है। हरियाणा में सबसे ज्यादा 2100 रुपये इस योजना में दिए जाएंगे।

फैमिली आईडी में अपडेट करवाना जरूरी

इस योजना के तहत BPL परिवारों का स्टेटस फैमिली आईडी से लिया जा रहा है। फैमिली आईडी में आपके परिवार की आय 1.80 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। महिलाओं का बैंक खाता भी अपडेट किया जा रहा है ताकि राशि सीधे उनके ही बैंक खाते में आए।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story