Lado Lakshmi Yojna Haryana: 25 सितंबर को एप होगा लॉन्च, एक नवंबर से महिलाओं को मिलेंगे 2100 रुपये

lado lakshmi yojna haryana
X

हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना में एक नवंबर से महिलाओं को मिलने लगेंगे 2100 रुपये प्रति माह। 

हरियाणा में भाजपा अपना चुनावी वादा पूरा करते हुए महिलाओं को 2100 रुपये हर महीना देने जा रही है। लाडो लक्ष्मी योजना का 25 सितंबर को एप लॉन्च होगा और एक नवंबर से पैसे आने शुरू हो जाएंगे।

Lado Laxmi yojna Haryana : हरियाणा में भाजपा सरकार का चुनावी वादा जल्द पूरा होने वाला है। महिलाओं को 2100 रुपये प्रति माह देने वाली पं. दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना एक नवंबर 2025 से लागू हो जाएगी। इसके लिए 25 सितम्बर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर रजिस्ट्रेशन एप लॉन्च हो जाएगा। इसके बाद एक नवंबर से महिलाओं के बैंक खाते में पैसे आने शुरू हो जाएंगे। योजना के प्रचार के लिए हर जिले में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

एक फोन से होगा कई महिलाओं का रजिस्ट्रेशन

राज्य के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि योजना के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बेहद सरल रखी गई है। जिन महिलाओं के पास स्मार्टफोन नहीं है, वे भी किसी अन्य का फोन इस्तेमाल करके आवेदन कर सकेंगी। एक ही फोन से 20-25 महिलाएं रजिस्ट्रेशन कर पाएंगी। यानी अब उन्हें कॉमन सर्विस सेंटर CSC तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

हर साल 4 हजार करोड़ से अधिक खर्च

सरकार का अनुमान है कि इस योजना पर हर साल 4062 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इससे लगभग 18 से 20 लाख महिलाएं सीधा लाभ ले सकेंगी। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है ताकि उन्हें हर छोटे-बड़े खर्च के लिए परिवार के पुरुष सदस्यों पर निर्भर न रहना पड़े। कृष्ण बेदी के मुताबिक, पहले परिवार की महिलाएं पैसों के लिए घर के पुरुषों का सहारा लेती थीं। लाडो लक्ष्मी योजना इस स्थिति को बदलने की दिशा में बड़ा कदम है। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अन्य योजनाओं के माध्यम से भी महिलाओं को बिजनेस शुरू करने और स्वरोजगार बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

योजना की पात्रता और शर्तें

उम्र सीमा : लाभार्थी महिलाओं की उम्र 23 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

आय सीमा : परिवार की वार्षिक आय 1 लाख रुपये से कम होनी चाहिए।

डोमिसाइल शर्त : महिला स्वयं हरियाणा की स्थायी निवासी हो या फिर विवाहित महिला के पति को हरियाणा में कम से कम 15 साल रहना जरूरी है।

क्यों घट गई लाभार्थियों की संख्या?

जानकारों का कहना है कि अगर हरियाणा सरकार सभी BPL परिवारों को शामिल करती तो करीब 42 लाख महिलाएं लाभार्थी होतीं। लेकिन आय और डोमिसाइल की सख्त शर्तों के चलते यह दायरा घटकर 18-20 लाख महिलाओं तक सीमित रह गया है। हरियाणा सरकार ने अपने बजट में भी 5 हजार करोड़ का प्रावधान इस योजना के लिए किया था।

पहले चरण में 20 लाख महिलाओं को लाभ

परिवार पहचान पत्र PPP के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 23 से 60 वर्ष तक की 17.25 लाख विवाहित महिलाएं इस योजना के दायरे में आती हैं। वहीं 2.75 लाख अविवाहित महिलाएं (23 से 45 वर्ष) भी इसका हिस्सा होंगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद कहा है कि पहले चरण में लगभग 18 से 20 लाख महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा।

महिलाओं के लिए बदलाव की उम्मीद

लाडो लक्ष्मी योजना केवल आर्थिक मदद नहीं बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने का प्रयास भी है। विशेषज्ञों का मानना है कि हर महीने मिलने वाली यह राशि महिलाओं के छोटे-मोटे खर्च पूरे करने में मददगार होगी। ग्रामीण और गरीब परिवारों की महिलाएं इस रकम से बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और घरेलू जरूरतों को आसानी से पूरा कर पाएंगी।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story