Pankaj Dheer Temple: करनाल के 'कर्ण मंदिर' में पंकज धीर की 8 फीट ऊंची मूर्ति, खुद जाकर देखी थी पूजा

हरियाणा के करनाल में है पंकज धीर (कर्ण) का मंदिर।
Pankaj Dheer Temple: फिल्मों और छोटे पर्दे से पहचान बनाने वाले अभिनेता पंकज धीर के निधन से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। पंकज धीर ने कई फिल्मों में काम किया, लेकिन उन्हें असली पहचान मिली थी बी.आर. चोपड़ा के सीरियल 'महाभारत' से। इस सीरियल में उन्होंने 'कुंती पुत्र कर्ण' का किरदार निभाया था। इस किरदार को लोगों ने खूब पसंद किया। लोग उन्हें असल जिंदगी में कर्ण मानने लगे थे। इतना ही नहीं उनके दो मंदिर भी बनवाए गए। इनमें से एक मंदिर छत्तीसगढ़ के बस्तर में है, तो दूसरा हरियाणा के करनाल में। कहा जाता है कि दोनों जगहों पर कर्ण के रूप में पंकज धीर की 8 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। लोग इन मंदिरों में जाते हैं और उनकी पूजा करते हैं।
एक बार पंकज धीर ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि लोग उन्हें इतने साल से प्यार करते आ रहे हैं, तो इसका श्रेय 'महाभारत' को जाता है। महाभारत सीरियल ने उन्हें जिंदगी भर की लोकप्रियता दी। उन्होंने बताया था कि देश में उनके दो ऐसे मंदिर हैं, जहां उनकी रोजाना पूजा होती है। उन्होंने कहा था कि कर्ण मंदिर में उनकी पूजा यानी उनके कर्ण के किरदार की पूजा होती है। उन्होंने बताया था कि वे खुद इन मंदिरों में गए हैं। इनमें से एक मंदिर छत्तीसगढ़ के बस्तर में है, तो दूसरा हरियाणा के करनाल में है। वहां पर कर्ण के रूप में उनकी 8 फुट ऊंची मूर्ति लगी हुई है, जिसकी लोग रोज पूजा करते हैं।
जानकारी के अनुसार, पंकज धीर की सिर्फ मंदिरों में पूजा ही नहीं होती, बल्कि स्कूल की इतिहास की किताबों में जहां-जहां पर कर्ण का जिक्र आता है, वहां पर पंकज धीर की कर्ण वाली तस्वीरों का इस्तेमाल किया जाता है। एक इंटरव्यू के दौरान पंकज धीर ने कहा था कि जब तक स्कूलों में वो किताबें छपती रहेंगी, उनमें कर्ण के रूप में वही रहेंगे। तब तक उनका जिक्र उनमें होता रहेगा और वह प्रासंगिक रहेंगे।
जानकारी के लिए बता दें कि साल 1988 में पहली बार महाभारत सीरियल आया था। लोगों को कर्ण का किरदार इतना पसंद आया कि वे 3 दशक बाद भी उनके फैन रहे। साल 2020 में कोरोना काल के दौरान जब एक बार फिर पुरानी वाली महाभारत का टेलीकास्ट किया गया, तो लोगों को पंकज धीर का कर्ण वाला अवतार काफी ज्यादा पसंद आया। 3 दशक बाद वाली पीढ़ी को भी पंकज का काम इतना भाया कि वे उनके फैन हो गए। कहा जाता है कि पहले जब सीरियल में उनका वध किया गया था, तो जनता रोने लगी थी। कोविड के दौरान महाभारत देखने के बाद लोगों ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी डाला था, जिसमें कहा गया कि कर्ण हमेशा उनके दिलों में रहेंगे।
