Weather update: करनाल में भारी ओलावृष्टि से बिछी सफेद चादर, कई जिलों में बारिश से ठंड में इजाफा

weather news live
X

करनाल में तेज बारिश के साथ गिरे ओले। 

पश्चिमी विक्षोभ से प्रदेश का मौसम पूरी तरह बदल गया। भीषण ओलावृष्टि से सरसों और गेहूं की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। जीटी रोड बेल्ट के जिलों सहित पानीपत, सोनीपत और फरीदाबाद में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।

हरियाणा में रविवार सुबह मौसम ने करवट बदल ली और राज्य के कई जिलों में कुदरत का रौद्र रूप देखने को मिला। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जीटी रोड बेल्ट से जुड़े जिलों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। सबसे अधिक प्रभाव करनाल के घरौंडा क्षेत्र में देखा गया, जहां देर रात हुई भीषण ओलावृष्टि ने पूरे इलाके को सफेद कर दिया। ओलों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सुबह तक घरों की दीवारों के किनारे सफेद ढेर लगे नजर आए, जिससे सरसों और गेहूं की फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

इन जिलों में दर्ज की गई बारिश और धुंध

करनाल के अलावा पानीपत और सोनीपत के विभिन्न हिस्सों में तड़के से ही हल्की और मध्यम बारिश का दौर जारी रहा। फरीदाबाद और पलवल में भी रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही जिससे ठंड में इजाफा हुआ है। एक तरफ जहां कई जिलों में बारिश का माहौल रहा, वहीं सिरसा के डबवाली क्षेत्र में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहा जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। हालांकि, दोपहर के समय प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छंटने के बाद हल्की धूप भी दिखाई दी।

तेज हवाओं के चलने की संभावना

हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार प्रदेश के 17 जिलों में आज बारिश और करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर और दक्षिण हरियाणा के जिलों में विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा है क्योंकि यहां तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले कुछ घंटों में कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कैथल, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, जींद और फतेहाबाद में गरज-चमक के साथ बादल बरस सकते हैं।

तापमान में उतार-चढ़ाव और ठिठुरन

बारिश और ठंडी हवाओं के चलते हरियाणा के अधिकतम तापमान में औसतन 1.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जिससे दिन का पारा सामान्य से काफी नीचे चला गया है। प्रदेश में शनिवार को चरखी दादरी सबसे गर्म स्थान रहा जहां तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि करनाल में दिन का पारा सामान्य से 4.3 डिग्री नीचे गिरकर 16.2 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया। फरीदाबाद में भी पिछले 24 घंटों के भीतर 5.4 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट देखी गई है, जिससे दिन भर लोग ठिठुरते नजर आए।

किसानों की मेहनत पर पानी फिरा

घरौंडा के कैमला गांव में हुई भारी ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। सरसों की फसल जो पकने के कगार पर थी, वह ओलों की मार से खेतों में बिछ गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि 2 फरवरी से इस पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव थोड़ा कम होने लगेगा, लेकिन राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और इक्का-दुक्का स्थानों पर बूंदाबांदी की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद 4 फरवरी से मौसम फिर से शुष्क होने लगेगा जिससे रात के तापमान में दोबारा गिरावट आएगी।

रात की ठिठुरन बढ़ जाएगी

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर के अनुसार फिलहाल आसमान में बादलों की मौजूदगी से न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, जो 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। हालांकि, जैसे ही बारिश थमेगी और आसमान साफ होगा, उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं सक्रिय हो जाएंगी। इससे रात की ठिठुरन बढ़ जाएगी और तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 2 और 3 फरवरी को भी उत्तर और दक्षिण हरियाणा में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story