भारत का जीनियस बच्चा: गूगल ब्वॉय कौटिल्य पंडित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में करेंगे फिजिक्स की पढ़ाई

भारत का जीनियस बच्चा : हरियाणा के करनाल जिले के कोहंड गांव के रहने वाले कौटिल्य पंडित उर्फ गूगल ब्वॉय एक बार फिर सुर्खियों में हैं। महज 5 साल की उम्र में दुनिया के देशों की राजधानी, करेंसी, जनसंख्या और भौगोलिक विवरण याद कर कौटिल्य ने सबको चौंका दिया था। वे कौन बनेगा करोड़पति समेत कई टीवी शो में गए थे। अब एक और बड़ी उपलब्धि कौटिल्य के नाम दर्ज हुई है। अब 17 साल के कौटिल्य इंग्लैंड की प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ फिजिक्स की पढ़ाई करने जा रहे हैं। यहां वे कॉस्मोलॉजी, प्लाज्मा फिजिक्स, डार्क मैटर, पार्टिकल थ्योरी और एआई फॉर ह्यूमैनिटी पर रिसर्च करेंगे। ऑक्सफोर्ड के बॉलियोल कॉलेज ने उन्हें प्रवेश ऑफर किया है और 25 लाख की स्कॉलरशिप भी दी है।
बचपन से ही जीके से पहचान बनाई
कौटिल्य का जन्म 2007 में हुआ। उनके दादा जय किशन शर्मा एक प्रसिद्ध शिक्षाविद् रहे। शंभु दयाल स्कूल में पढ़ाई के दौरान मात्र 4–5 साल की उम्र में जब उन्हें टीचर ने एटलस दी तो उन्होंने थोड़ी देर में ही मानचित्र के सारे विवरण याद कर लिए। यहीं से उनकी प्रतिभा सामने आई और कौटिल्य को गूगल ब्वॉय के नाम से पहचान मिली।
सबसे कम उम्र में केबीसी गए
साल 2013 में वे कौन बनेगा करोड़पति शो में सबसे कम उम्र के प्रतिभागी बने। अमिताभ बच्चन ने खुद उन्हें गोद में उठाकर हॉट सीट पर बैठाया। इसके बाद रातों-रात वे मशहूर हो गए। तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने उन्हें 10 लाख रुपये का पुरस्कार दिया।
IQ लेवल 130 से ज्यादा जीनियस वाला
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के मनोविज्ञान विशेषज्ञों की जांच में उनका IQ लेवल 130 से ज्यादा पाया गया, जो जीनियस कैटेगरी में आता है। तुलना महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन के IQ 160 से की जाती है। कौटिल्य के इंटरव्यू ने बनाए रिकॉर्ड कौटिल्य के इंटरव्यूज को अब तक 128 मिलियन से अधिक व्यूज मिले हैं। वे बताते हैं कि उनके बाद सबसे ज्यादा देखे जाने वाले इंटरव्यू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हैं।
कोविड में दूसरे बच्चों को पढ़ाकर की मदद
कौटिल्य बचपन से ही जिज्ञासु स्वभाव के रहे। सवाल पूछने और हर चीज को याद रखने की आदत ने उन्हें ज्ञान की ओर प्रेरित किया। कोविड महामारी के दौरान उन्होंने ऑनलाइन मोड में 9वीं और 11वीं कक्षा के छात्रों को फिजिक्स और केमिस्ट्री पढ़ाकर पूरा सिलेबस कवर कराया। पढ़ाई के अलावा कौटिल्य को डांस, स्विमिंग, शतरंज और कविता लेखन का भी शौक है। कौटिल्य ने हाल ही में जीडी गोयनका स्कूल से 12वीं पास की है और अब अक्टूबर से वे ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में नई शैक्षणिक यात्रा शुरू करेंगे।
