नरवाना में दूल्हे की मां की हत्या : परिवार बारात लेकर यूपी गया था, पीछे से घर में अकेली बुजुर्ग महिला का गला घोंटा

Police investigating after the murder of a woman in Narwana, Jind.
X
जींद के नरवाना में महिला की हत्या के बाद जांच करती पुलिस।
हरियाणा के जींद जिले के नरवाना में चमेली कॉलोनी के अंदर सोमवार रात एक बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। करीब 60 वर्षीय राजकुमारी घर में अकेली थीं। उनके बेटे की शादी के चलते पूरा परिवार बारात लेकर यूपी के झांसी गया हुआ था।

नरवाना में दूल्हे की मां की हत्या : हरियाणा के जींद जिले के नरवाना में चमेली कॉलोनी के अंदर सोमवार रात एक बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। करीब 60 वर्षीय राजकुमारी घर में अकेली थीं। उनके बेटे की शादी के चलते पूरा परिवार बारात लेकर यूपी के झांसी गया हुआ था। महिला अपनी बहू के आने का इंतजार कर रही थी, लेकिन किसी ने उनकी जान ले ली। आशंका जताई जा रही है कि लूट के उद्देश्य से महिला की हत्या की गई है। घर से क्या कुछ गायब हुआ इसका खुलासा नहीं हो पाया है। शहर थाना नरवाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मकान के आगे बनी किरयाणा दुकान को लुटेरों ने खंगाला

मूलत: यूपी के अलीगढ़ निवासी रिछीपाल का परिवार इन दिनों नरवाना की चमेली कॉलोनी में रहता है। रिछीपाल की पत्नी राजकुमारी का शव मंगलवार को उनके मकान की चारपाई पर पाया गया। मृतका का गला गमछे से घोंटा गया था। गमछे को गले में ही छोड़ दिया गया था। मकान के अगले हिस्से में बनी किरयाणा दुकान को खंगाला गया है। इससे लग रहा है कि लूट की नीयत से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना का उस समय पता चला जब परिजनों ने फोन किए, लेकिन राजकुमारी ने फोन रिसीव नहीं किया। जब पड़ोसियों ने घर जाकर देखा तो राजकुमारी मृत पड़ी हुई थीं। घटना की सूचना पाकर शहर थाना नरवाना पुलिस फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम के साथ मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतका के शव को नरवाना के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।

लुटेरों को थी घर की पूरी जानकारी

मृतका राजकुमारी के बेटे की शादी थी। सोमवार को परिवार के सभी लोग बारात में झांसी चले गए। रात को घर में राजकुमारी अकेली थी। आशंका जताई जा रही है कि लुटेरों को पूरी जानकारी थी। इसके चलते अज्ञात लोग घर में घुसे, जिसकी भनक राजकुमारी को भी लग गई। विरोध करने पर राजकुमारी की गला घोटकर हत्या कर दी गई। यह भी संभव है कि वारदात को अंजाम देने वालों को मृतका राजकुमारी जानती हो। उनका भंडा न फूटे, जिसके चलते राजकुमारी की हत्या कर दी। दुकान को भी खंगाला गया था। घर तथा दुकान से क्या क्या गायब हुआ इसका खुलासा परिजनों के आने के बाद हो पाएगा।

परिजनों के आने के बाद ही लूट के सामान का खुलासा होगा

शहर थाना नरवाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि मृतका के बेटे की शादी थी। परिवार के लोग बारात में गए हुए थे। मृतका घर में अकेली थी। घर से क्या कुछ गया इसका पता परिजनों के आने के बाद हो पाएगा।

यह भी पढ़ें : Panipat Murder Case: पानीपत में पूर्व MLA मंसा राम के भतीजे की गला घोंटकर हत्या, मकान में पड़ा मिला शव

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story