सीएम की विकास रैली: भाजपा ने नरवाना में करवाए 2105 करोड़ के काम, कांग्रेस ने दिए थे केवल 607 करोड़

जींद के नरवाना में विकास रैली के दौरान सीएम का सम्मान करते आयोजक।
सीएम की विकास रैली : जींद जिले के नरवाना में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को मेला ग्राउंड में आयोजित धन्यवाद व विकास रैली में बड़ी सौगात दी। उन्होंने नरवाना विधानसभा क्षेत्र में 206 करोड़ 32 लाख रुपये लागत की 19 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। इसके अलावा नरवाना में नया बस स्टैंड, सब्जीमंडी, सेक्टर व अस्पताल अपग्रेड करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नरवाना विधानसभा क्षेत्र में अब तक 2105 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए हैं, जबकि कांग्रेस सरकार के दस साल के कार्यकाल में केवल 607 करोड़ रुपये के काम ही हुए थे।
नरवाना की 111 में से 98 घोषणाएं पूरी हो चुकी
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने क्षेत्र को विकास की नई पहचान दी है। पहले की सरकारें यहां राजनीति करती थीं, लेकिन हमने परंपरा बदलकर वास्तविक विकास पर ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि 2014 से अब तक नरवाना विधानसभा क्षेत्र में 111 घोषणाएं की गईं, जिनमें से 98 पूरी हो चुकी हैं और 6 पर काम तेजी से जारी है। इसी तरह जींद जिले के लिए की गई 628 घोषणाओं में से 541 पूरी हो चुकी हैं।
37.25 करोड़ के 7 उद्घाटन
रैली में धरौदी से नरवाना-इस्मालपुर लिंक रोड, डबलैन से सच्चा खेड़ा लिंक रोड, नरवाना-समैण रोड पर रेलवे ओवर ब्रिज, इस्माइलपुर में पेयजल पाइपलाइन व जलघर का सुधार, बिडराना में नहर आधारित जलघर का निर्माण, सुलहेड़ा गांव में फिरनी निर्माण और भाणा ब्राह्मण में उप-स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया गया।
169.07 करोड़ के 12 शिलान्यास
खानपुर-इस्मालपुर लिंक रोड, कर्मगढ़-लोन लिंक रोड, नरवाना हलके की 15 सड़कों की विशेष मरम्मत, नरवाना में अतिरिक्त PWD रेस्ट हाउस, कालवां में दो बूस्टिंग स्टेशन, धरौड़ी व बेलरखा में पेयजल आपूर्ति योजना का सुधार, गढ़ी में नहर आधारित जलघर, पाइपलाइन बिछाने के कार्य और अन्य योजनाएं।
सीएम ने नरवाना के लिए की बड़ी घोषणाएं
- नरवाना में नया बस स्टैंड और नया नगर पालिका भवन बनाया जाएगा।
- नरवाना क्षेत्र में नई सब्जी मंडी का निर्माण होगा।
- नरवाना नागरिक अस्पताल की क्षमता 50 से 100 बेड की जाएगी।
- नरवाना-टोहाना रोड व पुराना हिसार रोड पर 60 करोड़ रुपये की लागत से दो ओवरब्रिज बनाए जाएंगे।
- HSVP सेक्टर विकसित करने की घोषणा की गई।
- अमरगढ़ में पशु अस्पताल का नया भवन 40 लाख रुपये में बनेगा।
- दनोदा गांव की सड़क की 5 करोड़ रुपये से रिपेयरिंग होगी।
- क्लोदा खुर्द में नया स्टेडियम बनेगा।
- 180 किलोमीटर की 37 सड़कों और 18.54 किलोमीटर लंबी पांच सड़कों की मरम्मत होगी।
- नरवाना विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये और मंडी बोर्ड की सड़कों के सुधार के लिए भी 5 करोड़ रुपये मंजूर किए।
- इसके अलावा माइनर, गौघाट, सड़क और स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई।
अब दिल्ली से कटरा 6 घंटे में
सीएम सैनी ने दिल्ली में रविवार को ही हुई रैली का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने 2 और फोर लाइन की सौगात हरियाणा को दी है। अब इनके बन जाने से दिल्ली से कटरा 6 घंटे में और दिल्ली से चंडीगढ़ अब ढाई घंटे में पहुंच जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को भी उन्होंने नरवाना दौरे के बारे में बताया। पीएम नरेंद्र मोदी ने नरवाना की जनता को राम राम बोली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गोगा नवमी की बधाई भी दी।
संकल्प पत्र के 41 वादे पूरे किए
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि केवल आठ महीने के कार्यकाल में उनकी सरकार ने संकल्प पत्र के 41 वादे पूरे कर दिए हैं। आने वाले दिनों में प्रदेश में एक लाख लोगों को प्लॉट दिए जाएंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाकर सौंपे जाएंगे।
नरवाना ने 17 साल बाद देखा राज : बेदी
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि नरवाना चार लोकसभा क्षेत्रों का गेटवे है। यहां की जनता ने मुख्यमंत्री को छाती से लगाया है। 17 साल बाद जनता ने बदलाव का अनुभव किया है और इस सरकार से बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का नरवाना दौरा जनता की वर्षों पुरानी इच्छा को पूरा करता है।
अब जींद नौ नेशनल हाइवों से जुड़ा : डा. मिड्ढा
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने नरवाना रैली में कहा कि जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से विकास जोरों पर है। जहां जींद से नरवाना पहुंचने में एक घंटा लगता था अब मात्र 20 से 22 मिनट में पहुंच जाते हैं। आज जींद नौ नेशनल हाइवों से जोड़ा गया है।
