जींद में गुरुद्वारे की जमीन पर कब्जा: गुरुघर की 40 एकड़ जमीन पर अवैध रूप से बिल्डर काटने लगे प्लॉट, साध-संगत ने लिखी चिट्ठी

जींद में गुरुघर की जमीन को कब्जा मुक्त करवाने के लिए बैठक करते हुए सरदार करनैल सिंह निम्राबाद।
जींद में गुरुद्वारे की जमीन पर कब्जा : हरियाणा के जींद में गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में गुरुवार को हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य सरदार करनैल सिंह निम्राबाद पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन एवं खुद काश्त की जा रही फसल के बारे में जानकारी हासिल की। सरदार करनैल सिंह निम्राबाद ने कहा कि गुरुद्वारा की लगभग 40 एकड़ जमीन पर कब्जा किया हुआ है, जिसे जल्द छुड़वाने का प्रयास किया जाएगा। इस बारे में कमेटी को अवगत भी करवा दिया गया है। जिन लोगों ने इस जमीन पर कब्जा किया है, वो ठीक नहीं है। इस बारे में कई बार झगड़े भी हुए हैं, सुलह भी हुई है। अब गुरु घर की जमीन पर कब्जे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। धीरे-धीरे गुरुघर की जमीन पर बस्ती बन रही है। यह गुरुघर की जमीन है, जिसे गुरुघर के प्रयोग में ही लाया जाएगा।
जींद में खोला जाना है विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय, जल्द बनेगी रूपरेखा
सरदार करनैल सिंह ने बताया कि जींद में विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय खोलने का निर्णय हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान द्वारा लिया गया है। इसको लेकर एक बार फिर से हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की बैठक होनी है। विश्वविद्यालय बनाए जाने को लेकर इस बैठक में मंथन किया जाएगा।
जींद की साध संगत ने चिट्ठी लिखकर किया था खुलासा
सरदार करनैल सिंह ने कहा कि सबसे पहले यही प्रयास है कि जो गुरुघर की 40 एकड़ की जमीन है, उसे कब्जाधारियों से मुक्त करवाया जाए। इसे लेकर सरकार को भी आगे आना चाहिए। जींद की साध संगत ने जमीन को छुड़वाने के लिए चिट्ठी भी भेजी है। वो साध संगत को विश्वास दिलाते हैं कि गुरुघर की जमीन पर कब्जा नहीं रहने दिया जाएगा। हर हाल में कब्जे को छुड़वाया जाएगा।
पिछले महीने चुनी गई थी कमेटी, अब काम ने तेजी पकड़ी
बता दें कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के चुनाव मई माह में हुए थे। इसमें जगदीश सिंह झींडा को कमान मिली है। 30 सदस्यों के समर्थन के साथ वे प्रधान बनने में सफल रहे। 11 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति में गुरमीत सिंह मीता को वरिष्ठ उप प्रधान, गुरबीर सिंह को उप प्रधान, अंग्रेज सिंह को महासचिव, बलविंदर सिंह को संयुक्त सचिव चुना गया था। कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में करनैल सिंह, पलविंदर सिंह दरड़, कुलदीप सिंह मुलतानी, रूपिंदर सिंह पंजोखरा साहिब, जगतार सिंह मान व तरविंदरपाल सिंह नारनौल को चुना गया था। चुनाव के बाद से ही कमेटी गुरुघरों के लिए काम में तेजी ला रही है।
Tags
- होम
- क्रिकेट
- ई-पेपर
- वेब स्टोरीज
- मेन्यू
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS