AAP विधायक का एक्सीडेंट: हरियाणा के खनौरी बॉर्डर के पास डिवाइडर से टकराई कार, हालत गंभीर

हादसे के बाद हाईवे पर खड़ी विधायक की गाड़ी।
पंजाब के लुधियाना साउथ विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक राजिंदरपाल कौर छीना सड़क हादसे में घायल हो गई हैं। अमेरिका से लौटने के बाद दिल्ली से पंजाब लौटते समय उनकी कार हरियाणा के खनौरी बॉर्डर के पास डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में विधायक और उनके गनमैन को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें लुधियाना में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
दिल्ली से लौटते समय हुआ हादसा
विधायक राजिंदरपाल कौर छीना हाल ही में एक कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए अमेरिका गई थीं। मंगलवार देर रात वह दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरीं, जहां उनके पति, बेटे, गनमैन और ड्राइवर उन्हें लेने आए थे। वे इनोवा कार से पंजाब लौट रहे थे। खनौरी बॉर्डर पर पहुंचते ही अचानक उनकी कार के सामने कुछ आ गया। ड्राइवर ने गाड़ी को संभालने की कोशिश की लेकिन गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई।
चेहरे पर आई गंभीर चोटें
टक्कर इतनी जोरदार थी कि विधायक राजिंदरपाल कौर छीना के चेहरे पर काफी चोटें आईं। उनके साथ गाड़ी की अगली सीट पर बैठे गनमैन को भी चोट लगी। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को खबर दी। घायल विधायक और उनके गनमैन को हरियाणा के कैथल के एक अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लुधियाना रेफर कर दिया गया। फिलहाल, उनका इलाज लुधियाना के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
2022 में बनी थीं विधायक
राजिंदरपाल कौर छीना 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बनी थीं। वह AAP की एक महत्वपूर्ण महिला नेता हैं। इस दुर्घटना के बाद उनके समर्थक और पार्टी नेता जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
'ऑपरेशन लोटस' के आरोपों से भी चर्चा में रहीं
राजिंदरपाल कौर छीना पहले भी खबरों में रह चुकी हैं। 2024 में वह उन तीन AAP विधायकों में से एक थीं, जिन्होंने बीजेपी पर 'ऑपरेशन लोटस' के तहत विधायकों को पैसे का लालच देकर पार्टी तोड़ने का आरोप लगाया था। उस समय AAP ने इस मामले को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा था।
