Jail Prisoner Attacked: जेल की सलाखों के पीछे विवाद, सरपंच मर्डर केस के आरोपी पर 11 कैदियों ने किया हमला

Jail Prisoner Attacked: जींद की जिला जेल में सरपंच की हत्या मामले के आरोपी कैदी पर उसी जेल के 11 अन्य कैदियों ने जानलेवा हमला कर दिया। घायल कैदी को जिला सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। ये घटना बुधवार दोपहर को घटित हुई।
जरूरी कामों के लिए ब्लॉक से निकाले गए थे कैदी
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर में जेल प्रशासन ने कैदियों को कैंटीन की सफाई और अन्य जरूरी कामों के लिए ब्लॉक से बाहर निकाला गया था। उस समय जेल में मेडिकल कैंप और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की व्यवस्था चल रही थी। इसके कारण बंदियों को अस्पताल की तरफ जाने के लिए अनुमति दी गई थी।
इन 11 कैदियों ने किया हमला
इसी दौरान 11 बंदियों (अमरीक उझाना, अभिषेक नरवाना, मनीष बरसोला, शुभम (जींद), दीपक, प्रवीन खटकड़, सागर (अपराही मोहल्ला जींद), सुखविंद्र (गुरथली), आकाश बरसोला, संदीप सिंघाना और संदीप खटकड़) ने सरपंच की हत्या मामले के आरोपी विनय पर नुकीली चीज से हमला कर दिया। कैदियों के इस विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप कर काबू किया और विनय को छुड़वाकर घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला
बता दें कि विनय काबरछा गांव का रहने वाला और वर्तमान में सरपंच की हत्या के आरोप में जींद की जेल में बंद है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल अधीक्षक ने सिविल लाइन्स थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सभी 11 आरोपियों के खिलाफ IPC और प्रिजनर एक्ट के तहत जानलेवा हमला करने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
