झज्जर में यूपी के CM योगी आदित्यनाथ :: बोले- सीमा पार से दो तरह के हमलों की फिराक में दुश्मन, देश को तोड़ने वाली ताकतों से बचें

झज्जर में बोलते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जोशीला और ओजस्वी अंदाज एक बार फिर हरियाणा की धरती पर देखने को मिला। रविवार को योगी आदित्यनाथ झज्जर जिले के कबलाना गांव स्थित सिद्ध बाबा पालनाथ आश्रम में एक धार्मिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने यहां भव्य मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लिया और विशाल आत्म भंडारे में साधु-संतों तथा हजारों श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
योगी आदित्यनाथ का कबलाना गांव में पहुंचने पर संत समाज की तरफ से भव्य स्वागत किया गया। इस धार्मिक अवसर पर उन्होंने यज्ञ के अंदर पूर्ण आहूति भी डाली।
सनातन संस्कृति दुनिया की सबसे प्राचीन परंपरा
आश्रम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में सनातन संस्कृति के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सनातन संस्कृति दुनिया की सबसे प्राचीन संस्कृति है और इसी ने मानव विकास को एक दिशा दी है। हमारे यहां पूजा-अर्चना के विभिन्न तरीके हैं, लेकिन ज्ञान बांटने की सदियों पुरानी परंपराएं सभी को जोड़ती हैं।
योगी आदित्यनाथ ने इस परंपरा में नाथ समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कैलाश पर्वत के शिव से लेकर रामेश्वरम के शिव मंदिर तक, ये सभी पवित्र स्थान हमें एक सूत्र में बांधते हैं। यह हमारी एकता और अखंडता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने धार्मिक अनुष्ठान में धूनी पर मत्था टेका और आशीर्वाद लिया। देश-विदेश से आए साधु-संतों की उपस्थिति में, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसके बाद विशाल आत्म भंडारा हुआ जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। योगी के आगमन को देखते हुए आश्रम को फूलों से सजाया गया था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया।
सीमा पार के दुश्मन से सावधान
कबलाना गांव के पालकनाथ धाम में मंच से योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्र की सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि कटोगे तो बंटोगे।
मुख्यमंत्री ने देश के समक्ष मौजूद खतरों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सीमा पार बैठा हमारा दुश्मन दो खतरनाक तरीकों से देश पर हमला करने की फिराक में है। पहला हमला धर्मांतरण के ज़रिए किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य देश को धर्म के नाम पर तोड़ना है। दूसरा हमला नशे के कारोबार को फैलाकर किया जाता है, जिसका लक्ष्य हमारी युवा पीढ़ी को बर्बाद करना है।
योगी आदित्यनाथ ने लोगों को इसके लिए पूरी तरह सावधान रहने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि दुश्मन धर्मांतरण और नशे के कारोबार से देश को कमजोर करना चाहता है।
जातिवाद छोड़ो, राष्ट्र की रक्षा करो
योगी आदित्यनाथ ने लोगों से आह्वान किया कि वे देश को कमजोर करने वाली चीज़ों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि लोगों को जाति, तुष्टिकरण, भाषा और क्षेत्रवाद के चक्कर में पड़कर आपस में नहीं बंटना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राष्ट्र की रक्षा करने के लिए हमें सनातन धर्म की रक्षा करनी होगी। यदि हम ऐसा नहीं कर पाए, तो आने वाली पीढिंयां हमें कतई माफ नहीं करेंगी।
मुख्यमंत्री ने वर्तमान पीढ़ी को बचाने के लिए एक और महत्वपूर्ण आह्वान किया— नशे पर प्रहार। उन्होंने कहा कि युवाओं को बचाने के लिए हमें नशे के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाना होगा। उन्होंने कहा कि हमें प्रदेश व देश के हर घर में धर्म घ्वज की पताका फहरानी होगी और इसके लिए गांव-गांव जाकर जनजागरण चलाना होगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब भारत का स्वर्णिम काल था, तब भी विदेशी हमले इसी प्रकार से हुए थे जैसे अब हो रहे हैं। इसलिए हमें पूरी तरह से सजग और एकजुट रहने की जरूरत है।
हरियाणा सरकार की सराहना
मंच से ही योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा की वर्तमान नायब सैनी सरकार की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी डबल इंजन की सरकार प्रदेश को विकास के पथ पर तेजी से आगे ले जा रही है। उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
