नक्सल विरोधी ऑपरेशन के दौरान हमला: उड़ीसा-झारखंड बॉर्डर पर IED ब्लास्ट, CRPF जवान शहीद,

उड़ीसा-झारखंड बॉर्डर पर नक्सल विरोधी ऑपरेशन के दौरान IED ब्लास्ट में CRPF जवान शहीद।
CRPF jawan martyred: सीआरपीएफ के एक बहादुर शनिवार (14 जून) को ओडिशा और झारखंड की सीमा पर नक्सल विरोधी ऑपरेशन के दौरान IED ब्लास्ट में शहीद हो गए। शहीद हुए जवान की पहचान सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सत्यवान कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले थे और CRPF की 134वीं बटालियन से जुड़े थे।
CRPF के अनुसार, ASI सिंह CRPF, ओडिशा पुलिस और झारखंड पुलिस के संयुक्त अभियान में शामिल थे। यह अभियान सारंडा के घने जंगलों में चलाया जा रहा था, जहां माओवादी हमलावरों द्वारा लूटे गए विस्फोटकों को खोजा जा रहा था।
यह ऑपरेशन उस हमले के बाद शुरू किया गया था जिसमें 27 मई को सुंदरगढ़ जिले के एक स्टोन क्वारी के पास माओवादियों ने हमला करके विस्फोटक सामग्री लूट ली थी।
IED ब्लास्ट में जान गंवाई
ऑपरेशन के दौरान जब संयुक्त बल जंगल में सर्च कर रहे थे, तभी एक छिपे हुए IED विस्फोटक में धमाका हो गया। इस ब्लास्ट में ASI सत्यवान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत राउरकेला के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने वहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
राउरकेला (ओड़िशा) के लांगलकाटा क्षेत्र में चल रहे माओवाद विरोधी अभियान के दौरान दिनांक 14 जून 2025 को हुए आईईडी विस्फोट में #CRPF की 134 बटालियन के बहादुर सहायक उप निरीक्षक सत्यवान कुमार सिंह ने कर्तव्य की बलिवेदी पर अपने प्राणों की आहुति दी।
— 🇮🇳CRPF🇮🇳 (@crpfindia) June 14, 2025
अपने शूरवीर के अदम्य साहस, शौर्य… pic.twitter.com/LWZcj4VUvI
CRPF ने दी श्रद्धांजलि
CRPF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "134वीं बटालियन के वीर सहायक उपनिरीक्षक सत्यवान कुमार सिंह ने 14 जून 2025 को लांगलकट्टा, राउरकेला (ओडिशा) में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान IED ब्लास्ट में वीरगति पाई। CRPF उनके साहस, शौर्य और मातृभूमि के प्रति समर्पण को सलाम करता है। हम उनके परिवार के साथ हमेशा खड़े हैं।"
