मानसून का कहर: हरियाणा में DC, SP और सांसद आवास में पानी घुसा, यमुना में डूबे वाहन, बिजली गिरी, अब तक 4 लोगों की मौत

भिवानी में बारिश के बाद सड़क पर जलजमाव व पानी के बीच से गुजरते वाहन।
हरियाणा में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। आज 1 जुलाई मंगलवार सुबह से ही राज्य के 8 जिलों भिवानी, पानीपत, झज्जर, रेवाड़ी, जींद, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी और सोनीपत में मूसलाधार बारिश हो रही है। अंबाला और करनाल में भी बादल छाए हुए हैं, जहां किसी भी वक्त भारी बारिश की संभावना है। इस भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है और कई जगह से दिल दहला देने वाली ख़बरें सामने आ रही हैं।
हिसार में आकाशीय बिजली गिरने से एक की मौत, एक झुलसा
हिसार में मंगलवार सुबह 8 बजे गांव उगालन में आसमानी बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के रानीगंज निवासी 32 वर्षीय जीवन कुमार के रूप में हुई है, जो खेत में धान की रोपाई कर रहा था। तेज बारिश के दौरान वह धान की पनीरी लाने गए थे, तभी बिजली गिरी और उनकी जान चली गई। इस घटना में उनके साथी अजय को भी करंट का झटका लगा, जिन्हें जींद के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आला अधिकारियों के आवास में भरा पानी
मानसून की बारिश का आलम यह है कि खुद प्रशासन के आला अधिकारियों के आवास भी इसकी चपेट में आ गए हैं। चरखी दादरी में DC मुनीश शर्मा और SP अर्श वर्मा के सरकारी निवास के बाहर भारी जलभराव हो गया, जिसके बाद पानी उनके आवास के अंदर तक घुस गया। सिर्फ अधिकारी ही नहीं, राजनेताओं के घर भी सुरक्षित नहीं रहे। भिवानी में भी तेज बारिश से भारी जलभराव हुआ, जहां पूर्व सीएम बंसीलाल की पुत्रवधू और भाजपा सांसद किरण चौधरी और उनकी मंत्री बेटी श्रुति चौधरी की कोठी में भी पानी घुस गया।
यमुना में डूबे JCB और डंपर, 50 करोड़ की चीनी बर्बाद
बारिश की वजह से यमुना नदी में भी अचानक जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कई बड़े हादसे हुए हैं। करनाल के ढाकवाला क्षेत्र में सोमवार रात यमुना में रेत भरवाने के लिए खड़ी तीन डंपर गाड़ियां और एक JCB मशीन पानी में डूब गईं। पानी का बहाव इतना तेज था कि डंपरों में सो रहे ड्राइवरों को भागने का मौका नहीं मिला। उन्होंने डंपरों की छतों पर चढ़कर अपनी जान बचाई, जिन्हें बाद में नाव की मदद से रेस्क्यू किया गया। यमुनानगर में स्थिति और भी खराब है, जहां बारिश के बाद सोमवार को नाला ओवरफ्लो होने से सरस्वती शुगर मिल के तीनों गोदामों में पानी भर गया। इससे अंदर रखी 80 हजार क्विंटल चीनी बर्बाद हो गई, जिसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गोदाम में कुल 2.20 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक था।
सरकारी स्कूल में निकला 6 फुट का सांप
चरखी दादरी में किसान का टीन शेड उड़ गया और नीचे खड़ी बाइक मलबे में दब गई। वहीं, यमुनानगर के सरकारी मॉडल संस्कृति स्कूल अलाहर में सुबह सफाई के दौरान 6 फुट का सांप निकला, जो बाल वाटिका में गद्दे के बीच बैठा था। हालांकि, बच्चों के स्कूल पहुंचने से पहले ही उसे गांव के आदमी बुलाकर निकाला गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पड़ोसी राज्य पंजाब में भी बारिश ने कहर बरपाया है। पटियाला में भारी बारिश के दौरान एक BMW गाड़ी जलभराव में बुरी तरह फंस गई, जिससे यातायात बाधित हुआ।
प्रदेश में अब तक 4 मौतें
हरियाणा में बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है :
• नूंह: 29 जून की रात घर गिरने से 13 साल की लड़की की मौत।
• कुरुक्षेत्र: 29 जून की सुबह घर की छत गिरने से महिला की मौत, पति घायल।
• पंचकूला: एक 9 साल की लड़की नाले में बहकर मरी।
• फरीदाबाद: बिजली की तार की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौत।
जून में सामान्य से 30 प्रतिशत ज्यादा बारिश
मौसम विभाग ने आज यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत और झज्जर में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक जून महीने में सामान्य से 30 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। प्रदेश का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अगले 3 दिनों तक हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील रहने और कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
