हरियाणा में भीषण गर्मी से राहत: 6 जिलों में बारिश, 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

हरियाणा इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। ऐसे में प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। रविवार सुबह हरियाणा के 6 जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे तपती गर्मी से कुछ हद तक निजात मिली। वहीं, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए प्रदेश के 9 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अगले 4 दिनों के भीतर प्री-मानसून के दस्तक देने की भी संभावना जताई गई है, जिससे मौसम में और अधिक बदलाव आने की उम्मीद है।
सुबह-सुबह इन जिलों में हुई बारिश
रविवार की सुबह सुबह फरीदाबाद, झज्जर और सोनीपत में तेज बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पानीपत, कैथल और रोहतक में भी बारिश हुई, जिससे इन इलाकों का तापमान गिरा और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। सड़कों पर पानी जमा हो गया और मौसम सुहावना हो गया।
आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने हरियाणा के 9 जिलों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर शामिल हैं। विभाग ने इन जिलों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम में बदलाव जारी रहेगा : डॉ. मदन खीचड़
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 18 जून तक मौसम में बदलाव जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण इस दौरान बीच-बीच में हवाओं में बदलाव देखने को मिलेगा और बादल छाए रहने के साथ धूलभरी हवाएं भी चल सकती हैं। डॉ. खीचड़ ने यह भी बताया कि राज्य में 19 जून से प्री-मानसूनी हवाओं के आने की संभावना है, जिससे मौसम में एक बार फिर बदलाव आएगा। इन हवाओं के आने से वातावरण में नमी बढ़ेगी और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जो गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा।
60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं
दूसरी तरफ आईएमडी (भारत मौसम विज्ञान विभाग) ने आज रविवार को पूरे प्रदेश में गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया है। गर्मी के साथ गर्म तेज हवाओं का सामना करना पड़ सकता है। हरियाणा के उत्तरी इलाकों, खासकर चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और करनाल में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा बाकी जिलों में लू का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने हरियाणा में 15 जून की रात से मौसम परिवर्तन के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं मानसून की बात करें तो 13 दिन बाद मानसून हरियाणा में सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश भर में अच्छी बारिश की उम्मीद है।
