हिसार एयरपोर्ट की एक और बड़ी उपलब्धि: हिसार से चंडीगढ़ की पहली फ्लाइट को सीएम सैनी ने दिखाई हरी झंडी, अब इन शहरों के लिए शुरू होगी सेवा

हिसार एयरपोर्ट पर चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करते सीएम नायब सिंह सैनी।
Hisar to Chandigarh flight : हरियाणा के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक दिन रहा, जब हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए पहली बार नियमित फ्लाइट सेवा की शुरुआत हुई। सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस उड़ान को हरी झंडी दिखाई और खुद भी फ्लाइट में सवार होकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। उनके साथ नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, राज्यमंत्री राजेश नागर, विधायक रणधीर पनिहार, विनोद भयाणा, सावित्री जिंदल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली समेत कई प्रमुख नेता भी शामिल रहे।
इन शहरों के लिए और शुरू होगी फ्लाइट
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने फ्लाइट रवाना करते हुए कहा कि यह केवल एक हवाई सेवा नहीं, बल्कि हरियाणा के भविष्य की ओर एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 2.8 करोड़ नागरिक इस सेवा का लाभ उठाएंगे और आने वाले समय में यह एयरपोर्ट प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास का केंद्र बनेगा। सैनी ने बताया कि यह हिसार से चंडीगढ़ के लिए दूसरी नियमित उड़ान सेवा है और आगे जयपुर, जम्मू और अहमदाबाद जैसे शहरों के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू की जाएंगी। इससे न केवल यात्रा में समय की बचत होगी, बल्कि यह क्षेत्र निवेश और पर्यटन के नए अवसरों की ओर भी अग्रसर होगा।
मोदी के नेतृत्व में 150 एयरपोर्ट बने
सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में 150 से अधिक एयरपोर्ट बने हैं और यह दिखाता है कि भारत किस गति से इंफ्रास्ट्रक्चर में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 11 साल देश के लिए गौरवशाली रहे हैं और अब भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
हफ्ते में दो बार उड़ेगी फ्लाइट
एलायंस एयर द्वारा संचालित यह सेवा सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार को उपलब्ध होगी। फ्लाइट हिसार से चंडीगढ़ तक लगभग 1 घंटे में पहुंचेगी, जबकि वापसी में समय करीब 1 घंटा 10 मिनट रहेगा। टिकट की कीमत फ्लेक्सी मॉडल के तहत 1449 से 1704 के बीच रखी गई है। इस सेवा से अब लोगों को सड़क या रेल मार्ग की अपेक्षा ज्यादा तेज, आरामदायक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।
एमबीबीएस की सीटें भी कई गुना बढ़ी
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी जा रही हैं। पहले नौकरियों में 'माल' चलता था, अब 'कमाल' हो रहा है। उन्होंने मेडिकल शिक्षा में हुई प्रगति का जिक्र करते हुए बताया कि पहले प्रदेश में एमबीबीएस की सीटें 700 थीं, जो अब बढ़कर 2500 हो गई हैं और 2029 तक इसे 3500 तक पहुंचाया जाएगा।
क्षेत्रीय संपर्क योजना को मिला बल
यह उड़ान केंद्र सरकार की UDAN (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के तहत शुरू की गई है, जिसका मकसद छोटे शहरों को हवाई नेटवर्क से जोड़ना है। हिसार से चंडीगढ़ की दूरी लगभग 252 किमी है और सड़क मार्ग से जहां यह सफर 4 घंटे में तय होता है, वहीं अब हवाई मार्ग से यह सफर महज 1 घंटे में पूरा हो सकेगा।
14 अप्रैल को पीएम मोदी ने किया था एयरपोर्ट का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को हिसार में बने हरियाणा के पहले एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। PM ने हिसार से अयोध्या के बीच चलने वाली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई थी। हिसार से अयोध्या जाने या आने का टाइम 14 घंटे से घटकर 2 घंटे हो गया है। वहीं, टैक्सी के 10 हजार के किराए के मुकाबले लोग करीब 3400 रुपए में अयोध्या पहुंच जाएंगे।