मौसम अपडेट: पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी से हरियाणा में ठंड बढ़ी, हिसार 5.7°C के साथ सबसे ठंडा

हरियाणा में अब ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है। पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी के बाद मौसम में बड़ा बदलाव आया है और कल (1 दिसंबर) से राज्य में शीत लहर चलने का अनुमान है। रविवार सुबह दर्ज किए गए तापमान के अनुसार हरियाणा का औसत न्यूनतम तापमान कल के मुकाबले 1.6 डिग्री सेल्सियस गिरा है और यह सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। यह साफ संकेत है कि अब ठिठुरन भरी सर्दी की शुरुआत हो चुकी है।
हिसार बना राज्य का 'कोल्डेस्ट स्पॉट'
ठंड के मामले में हिसार राज्य का सबसे ठंडा केंद्र बनकर उभरा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ की रिपोर्ट के मुताबिक हिसार में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम है।
इसके अलावा, प्रमुख शहरों में भी पारा तेजी से नीचे गिरा है। करनाल में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम है। चंडीगढ़ में भी तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम है।
नारनौल और सिरसा में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस से अधिक नीचे दर्ज किया गया है, जो राज्य में शीत लहर जैसी स्थिति का संकेत देता है। अंबाला एकमात्र ऐसा शहर रहा जहां न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था। मेवात में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य के अन्य हिस्सों की तुलना में थोड़ा अधिक है।
कल से चलेगी शीत लहर
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों की बर्फबारी का सीधा असर अब मैदानी इलाकों में दिखेगा। कल से हवाएं फिर से उत्तर-पश्चिमी हो जाएंगी। ये हवाएं अपने साथ पहाड़ों की ठंडक लेकर आएंगी, जिससे वातावरण में नमी बढ़ेगी और ठंड का एहसास तेज होगा।
पिछले 24 घंटों में राज्य के किसी भी स्टेशन पर बारिश दर्ज नहीं की गई है, जिससे मौसम शुष्क बना हुआ है। लगभग सभी स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड बढ़ने की पुष्टि होती है। रोहतक में सबसे अधिक 2.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
धुंध और तापमान में गिरावट
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने आगामी मौसम को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी है।
राज्य में मौसम आमतौर पर 3 दिसंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान 29 और 30 नवंबर को बीच-बीच में हल्के बादल छाए रह सकते हैं और रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, परंतु 1 दिसंबर से रात्रि तापमान में फिर से गिरावट आने की संभावना है।
वातावरण में नमी होने से उत्तर और पश्चिमी हरियाणा में अलसुबह हल्की धुंध छाने की संभावना है, जबकि दक्षिणी हरियाणा में हल्की से मध्यम धुंध छा सकती है। इस दौरान हवाओं में हल्का बदलाव रहेगा और 1 दिसंबर से उत्तर व उत्तर-पश्चिमी शीत हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है।
इससे सुबह और शाम को ठंड बनी रहेगी तथा दिन में धूप खिली रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने की संभावना है।
नवंबर में बारिश का टूटा रिकॉर्ड
इस बार नवंबर महीने में हरियाणा में बारिश की भारी कमी रही है। यह कमी इतनी ज्यादा है कि 25 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। इस पूरे नवंबर में महज 0.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। नवंबर में बारिश गेहूं की फसल के लिए अच्छी मानी जाती है, लेकिन एक के बाद एक कई पश्चिमी विक्षोभ आए, मगर वे इतने कमजोर थे कि उनसे बारिश नहीं हो पाई।
2011, 2016, 2021 और 2024 में भी नवंबर में बारिश नहीं हुई थी। कुल मिलाकर राज्य में अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है और लोगों को आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड और शीत लहर का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
