हरियाणा में भीषण ठंड और कोहरे का डबल अटैक: 12 जिलों में 'कोल्ड डे' की चेतावनी, नारनौल सबसे ठंडा स्थान बना

हरियाणा में घने कोहरे और ठंड से जनजीवन प्रभावित।
नए साल की शुरुआत के साथ ही हरियाणा में कड़ाके की ठंड ने अपना शिकंजा कस लिया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बर्फीली हवाओं और कोहरे के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक राज्य के न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में -0.2°C की कमी आई है, जो सामान्य से लगभग 3.2°C अधिक बना हुआ है। तापमान के इस उतार-चढ़ाव के बीच हिसार में रात का पारा सबसे ज्यादा 12.4 डिग्री और सिरसा में 12.1 डिग्री दर्ज किया गया।
नारनौल में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री तक लुढ़का
शुक्रवार रात पूरे हरियाणा में महेंद्रगढ़ का नारनौल क्षेत्र सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां का न्यूनतम तापमान गिरकर 4.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिसमें पिछले एक दिन में ही 1.0 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अब रात के साथ-साथ दिन के समय भी ठंड अपना प्रचंड रूप दिखाएगी। कोहरे और शीतलहर की स्थिति को देखते हुए विभाग ने प्रदेश में 'कोल्ड डे' का अलर्ट जारी कर दिया है, जिससे आने वाले घंटों में ठिठुरन और बढ़ने की आशंका है।
15 शहरों में अधिकतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंचा
ठंड का आलम यह है कि हरियाणा के लगभग 15 जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के स्तर को भी पार नहीं कर पाया। नए साल के पहले और दूसरे दिन पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र जैसे शहर दिन में सबसे ठंडे रिकॉर्ड किए गए। इसके अलावा सोनीपत और पलवल सहित कई अन्य जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रही। मौसम विभाग के अनुसार सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में गंभीर रूप से 'कोल्ड डे' की स्थिति बनी रहेगी।
दिन में भी लोगों को भारी ठंड का सामना करना पड़ा
इससे पहले गुरुवार को भी प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। उस दौरान भिवानी 18 डिग्री के साथ सबसे अधिक तापमान वाला जिला रहा, जबकि अन्य जिलों में पारा काफी नीचे रहा। अंबाला, हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल, करनाल, रोहतक, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह, पानीपत और सोनीपत जैसे 15 शहरों में पारा 16 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया, जिससे दिन के समय भी लोगों को भारी ठंड का सामना करना पड़ा।
7 जनवरी तक ऐसा ही बना रहेगा मौसम का मिजाज
चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 2 जनवरी से लेकर 7 जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। विशेषकर 3 और 4 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में बेहद घना कोहरा छाने और कुछ स्थानों पर तीव्र शीतलहर चलने की संभावना है, हालांकि 5 जनवरी के बाद कोहरे की सघनता में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन धुंध का प्रभाव पूरी तरह खत्म नहीं होगा और ठंड का असर बना रहेगा।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
