सबसे ठंडी रात: हिसार में तापमान 6.3°C पहुंचा, सामान्य से 2.2 डिग्री नीचे, उत्तर-पश्चिमी हवाओं का पड़ रहा असर

Cold Wave
X

हरियाणा के तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही। 

उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। अगले 3-4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में यह गिरावट जारी रहेगी।

हरियाणा में अब सर्दी ने अपनी असली दस्तक दे दी है। बीते 24 घंटों में राज्य के न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का असर अचानक बढ़ गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार रात हरियाणा में इस पूरे सीजन की सबसे ठंडी रात रही। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। तापमान में यह गिरावट उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलने का नतीजा है, जिसने पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है।

हिसार सबसे ठंडा

सोमवार रात पूरे हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर मात्र 6.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह तापमान हिसार के सामान्य स्तर से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम है। नारनौल (महेंद्रगढ़) में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य प्रमुख शहरों में भी पारा सामान्य से काफी नीचे रहा है। उदाहरण के लिए करनाल में 8.0 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.5 डिग्री कम), रोहतक में 8.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.1 डिग्री कम), भिवानी में 8.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.0 डिग्री कम) और सिरसा में 7.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.8 डिग्री कम) तापमान दर्ज किया गया। केवल अंबाला में तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें 0.1 डिग्री की मामूली बढ़त देखी गई। अन्य सभी प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है, जिससे सुबह और शाम की ठिठुरन बढ़ गई है।

अगले 3-4 दिनों तक बढ़ेगी ठंड, कोहरे का भी खतरा

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने मौसम को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी है। डॉ. खीचड़ ने बताया है कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 28 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशा से हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने की संभावना है, जिससे सुबह और शाम की ठंडक बनी रहेगी। विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में यह गिरावट जारी रहेगी, जिससे ठंड का असर और गहराएगा। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन रात्रि तापमान में गिरावट रहने की संभावना है।

नमी बढ़ने से धुंध होगी घनी

तापमान में गिरावट के साथ ही वातावरण में नमी की अधिकता बढ़ रही है। वर्तमान में सुबह के समय हल्की धुंध देखी जा रही है, लेकिन नमी बढ़ने से धुंध की यह परत और घनी हो सकती है। हालांकि, दिन में धूप का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है और अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इसके बावजूद, 27 और 28 नवंबर को बीच-बीच में आंशिक बादल छाने की संभावना है, जिससे दिन में भी ठंड का अहसास बढ़ सकता है।

बच्चों और बुजुर्गों को ठंडी हवाओं बचाकर रखें

मौसम विभाग ने अचानक बढ़ी ठंड को देखते हुए किसानों और आम जनता को विशेष सलाह दी है। विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि सुबह के समय खेतों में काम करते समय ठंड से बचाव के पूरे उपाय करें। आमजन को सलाह दी गई है कि बच्चों और बुजुर्गों को ठंडी हवाओं और सुबह की ठंडक से बचाकर रखें। सुबह के समय धुंध होने की स्थिति में वाहन सावधानी से चलाने की भी हिदायत दी गई है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story