Weather update: हरियाणा में शीतलहर का खतरा, पारा 6.6°C,अगले 5 दिन ठंड के साथ जहरीली हवा का अंदेशा

हरियाणा की हवा हुई जहरीली।
नवंबर का महीना अभी आधा भी नहीं बीता है और हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद से उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों की ओर रुख किया है, जिससे राज्य में ठिठुरन काफी बढ़ गई है। आलम यह है कि रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोग अचानक बढ़ी इस ठंड से हैरान हैं।
नारनौल रहा सबसे ठंडा
हरियाणा में न्यूनतम तापमान (रात का पारा) लगातार गोता लगा रहा है। नारनौल में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। यह आंकड़ा इस बात का स्पष्ट संकेत है कि प्रदेश में अब सर्दी ने अपनी पकड़ मजबूत बना ली है।
राज्य के कई प्रमुख शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है, जिससे सुबह और देर शाम की ठंडक असहनीय हो गई है। हिसार, गुरुग्राम, करनाल, महेंद्रगढ़ और नारनौल जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। वहीं, रोहतक, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत और सिरसा जैसे अन्य जिले भी 10 डिग्री सेल्सियस के आस-पास ही टिके हुए हैं।
5 दिन का 'यलो अलर्ट' जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस बढ़ती ठंड को देखते हुए हरियाणा में अगले 5 दिनों के लिए शीतलहर (Cold Wave) का यलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट विशेष रूप से राजस्थान से सटे 7 जिलों के लिए है, जिनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, और चरखीदादरी शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 24 घंटों के भीतर दिन और रात दोनों के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में रात का तापमान और भी नीचे जा सकता है।
9 शहरों में वायु गुणवत्ता खराब
ठंड बढ़ने के साथ ही प्रदेश में सुबह और शाम के समय घनी धुंध (फॉग) भी दिखाई देने लगी है। हवा में नमी बढ़ने के कारण प्रदूषण की एक और गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। राज्य के 9 शहरों में वायु गुणवत्ता (Air Quality) खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। इनमें अधिकांश जिले दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के हैं, जहां प्रदूषण की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक बनी हुई है।
NCR में निर्माण कार्यों पर रोक
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में प्रदूषण की यह स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि केंद्र सरकार ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू कर दिया है। हरियाणा के 14 जिले एनसीआर का हिस्सा हैं, जहां यह नियम सख्ती से लागू किया गया है।
ग्रैप-3 के तहत सड़क, रेलवे और एयरपोर्ट जैसी आवश्यक/जरूरी परियोजनाओं को छोड़कर, सभी प्रकार के निर्माण और तोड़फोड़ (Construction and Demolition) के कार्यों पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। एजेंसियों को धूल नियंत्रण के लिए मशीनों से सड़कों की सफाई करने और पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए हैं।
15 नवंबर तक खुश्क रहेगा मौसम
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, हरियाणा में मौसम आमतौर पर 15 नवंबर तक खुश्क (Dry) रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशा से मध्यम गति की हवाएं चलती रहेंगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन हवाओं के कारण दिन के तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है, लेकिन रात की ठंडक बरकरार रहेगी और शीतलहर का असर महसूस होता रहेगा। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे ठंड और प्रदूषण दोनों से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
