हांसी बना 23वां जिला: CM नायब सैनी का बड़ा ऐलान, अब घरों में आएगा भाखड़ा का पानी, करोड़ों की सौगात दी

हांसी में मुख्यमंत्री नायब सैनी का स्वागत करते विधायक विनोद भयाणा व अन्य लोग।
हरियाणा के हिसार जिले के ऐतिहासिक शहर हांसी में विकास रैली के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने क्षेत्र की जनता के लिए पिटारा खोल दिया। भारी जनसमूह और विशेषकर महिलाओं की बड़ी उपस्थिति के बीच मुख्यमंत्री ने हांसी के विकास के लिए करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी को हरियाणा का 23वां जिला बनाने की घोषणा की। इस नए जिले में 2 उपमंडल और 3 तहसीलें होंगी। इसका नोटिफिकेशन एक सप्ताह में जारी हो जाएगा।
भाखड़ा का पानी और विकास का बजट
रैली का शुभारंभ 'वंदे मातरम्' के राष्ट्रभक्ति गीतों के साथ हुआ। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंच से बड़ी घोषणा कर कहा कि हांसी की प्यास बुझाने के लिए अब भाखड़ा का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए 61.44 करोड़ रुपये की विशेष पेयजल प्रबंधन परियोजना की आधारशिला रखी गई है, जो बरवाला ब्रांच के माध्यम से शहर तक पानी पहुंचाएगी।
विकास कार्यों के आंकड़ों की तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान हांसी पर केवल 253 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, जबकि भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में 1008 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर लगाए हैं। यह दर्शाता है कि वर्तमान सरकार विकास के प्रति कितनी गंभीर है।
विधायक विनोद भयाणा ने मांग पत्र सौंपा
स्थानीय विधायक विनोद भयाणा ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र की जनता की ओर से मांग पत्र सौंपा। भयाणा की मुख्य मांगों में हांसी को अलग जिला घोषित करना, शहर में भव्य खेल स्टेडियम का निर्माण, बस स्टैंड की ऊंचाई बढ़ाना और पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना शामिल रही। विधायक ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री जल्द ही हांसी की जनता की इन पुरानी मांगों को पूरा करेंगे।
सफीदो के विधायक रामकुमार गौतम के तीखे तेवर
रैली में सफीदो के विधायक रामकुमार गौतम ने अपने चिर-परिचित अंदाज में विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी की कार्यशैली इतनी प्रभावी है कि विरोधियों के पास इसका कोई तोड़ नहीं है। गौतम ने जातिवाद की राजनीति पर प्रहार कर कहा कि वे किसी जाति के खिलाफ नहीं बल्कि जातिवाद का जहर फैलाने वालों के खिलाफ हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा कर कहा कि 2014 के बाद से देशवासियों में खुद को 'हिंदुस्तानी' कहने का गर्व बढ़ा है।
लोगों को दिया करोड़ों की परियोजनाओं का तोहफा
मुख्यमंत्री ने रैली से क्षेत्र को बुनियादी ढांचे और बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में कई नई सौगातें दीं।
• मल्टीपरपज हॉल : 10.84 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक हॉल की घोषणा।
• नई पुलिस लाइन : सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पुलिस लाइन का शिलान्यास।
• बिजली सब-स्टेशन : डंडेरी और लोहारी राघो गांवों में 33 केवी के नवनिर्मित सब-स्टेशनों का उद्घाटन किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्या कम होगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नई ऑटो मार्केट पार्किंग के पास आयोजित इस विशाल रैली में 7 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन और प्रशासनिक अधिकारियों ने मोर्चा संभाला हुआ था। पंडाल को 8 अलग-अलग ब्लॉकों में बांटा गया था और हर प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर और गहन तलाशी के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया गया।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
रैली में भाजपा के प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली, विधानसभा अध्यक्ष कृष्ण लाल मिड्ढा, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता और विधायक सावित्री जिंदल सहित हरियाणा भाजपा के कई बड़े चेहरे मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए आगामी विकास कार्यों और सरकारी नीतियों पर जोर दिया। हांसी की यह विकास रैली आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जहां एक तरफ करोड़ों की सौगात मिली है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने जिला बनाने की घोषणा की है।
हांसी के जिला बन जाने के बाद ये होगा बदलेगा
हांसी के जिला बनने के बाद अब कई चीजें बदल जाएंगी। हांसी के लोगों को डीसी से मिलने के लिए हिसार नहीं आना होगा। हांसी में डीसी बैठेंगे। इसके साथ ही मुकदमों की पैरवी के लिए हिसार जिला कोर्ट भी नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए हांसी में जिला एवं सत्र न्यायालय का गठन होगा। जिला न्यायाधीश भी बैठेंगे। इसके अलावा जिला स्तर पर होने सभी कार्यों को हिसार जाना पड़ता था उन्हें हिसार नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही हांसी के लिए जिला के तौर पर सरकार से अलग से बजट मिलेगी, जिससे विकास कार्यों में तेजी आएगी।
हरियाणा गठन के बाद यूं बंटता गया हिसार...
पहला बड़ा बटवारा 1972 : 1 नवंबर 1966 को पंजाब का पुनर्गठन हुआ और हरियाणा राज्य बना। उस समय हिसार हरियाणा का एक बहुत बड़ा जिला था। हिसार जिले में आज के कई जिले शामिल थे। इनमें भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद और चरखी दादरी शामिल थे। हिसार का पहला विभाजन 22 दिसंबर 1972 को उस समय
भिवानी जिला अलग किया गया।
1975 में हुआ दूसरा विभाजन
हिसार जिले का दूसरे बंटवारे की शुरुआत 1 सितंबर 1975 में सिरसा जिला के रूप में हुई। 1979 में व्यवहारिक रुपसे सिरसा जिला अस्तित्व में आ गया।
1997 में हुआ तीसरा विभाजन
हिसार जिले का तीसरा बंटवारा 15 जुलाई 1997 को होने पर फतेहाबाद जिला अस्तित्व में आया। पहले फतेहाबाद तहसील हुआ करती थी। बाद में अलग जिला बनाया गया। यह भी हिसार का हिस्सा रहा है। हिसार का हिस्सा रहे भिवानी से कटकर 22 जनवरी 2016 को चरखी दादरी जिला बना। यह सीधे हिसार से नहीं, बल्कि भिवानी से अलग होकर बना लेकिन ऐतिहासिक रूप से यह भी पुराने हिसार मंडल का हिस्सा रहा।
अब चौथी बार 2025 में हिसार का बंटवारा होने पर हांसी बना जिला
ऑटो मार्केट में आयोजित विकास रैली में 16 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हिसार के उपमंडल हांसी को अलग जिला बनाने की घोषणा करते हुए इसका एक सप्ताह में नोटिफिकेशन जारी करने की घोषणा की।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
