Hisar to Chandigarh Flight: हिसार से चंडीगढ़ के लिए इस दिन से शुरू होगी विमान सेवा, जानें कितना देना होगा किराया ?

Hisar to Chandigarh Flight: हरियाणा सरकार की ओर से हिसार से चंडीगढ़ के लिए विमान सेवा को मंजूरी दे दी गई है। हिसार से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट 9 जून यानी सोमवार से शुरू हो जाएगी। फ्लाइट सर्विस शुरू हो जाने के बाद यात्री करीब पौन घंटे से भी कम समय में हिसार से चंडीगढ़ का सफर आसानी से तय कर सकेंगे। सरकार की इस पहल से यात्रियों को काफी फायदा होगा।
कितना देना होगा किराया ?
हिसार से चंडीगढ़ की दूरी करीब 252 किलोमीटर है। फ्लाइट के माध्यम से यात्री कम समय में हिसार से चंडीगढ़ आसानी से जा सकेंगे। यात्रियों को आमतौर पर यहां का किराया 2500 से 3000 रुपए के बीच देना हेगा। हालांकि फ्लाइट में डायनॉमिक फेयर लागू पर यह बढ़ या घट सकता है। फ्लाइट का शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है। एलायंस एयर एविएशन कंपनी शेड्यूल को लेकर अभी काम कर रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हिसार से चंडीगढ़ फ्लाइट का शुभारंभ कर सकते हैं। हिसार से चंडीगढ़ जाने के लिए सड़क मार्ग से साढ़े 4 घंटे का समय लगता है। ट्रेन में 7 घंटे से भी ज्यादा का वक्त लग जाता है। हिसार से चंडीगढ़ के लिए केवल एक सीधी ट्रेन है।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया था उद्घाटन
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को हिसार एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल टर्मिनल की आधारशिला रखी थी। एयरपोर्ट को इंटरनेशल स्टैंडर्ड के हिसाब से बनाया जाएगा, यह शंख के आकार की तरह दिखाई देगा। हिसार में 7,200 एकड़ जमीन पर एयरपोर्ट बनाया जा रहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि इस एयरपोर्ट को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) के विकल्प के रूप में 3 चरणों में विकसित किया जाएगा। इसे लेकर हरियाणा सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के बीच मैमोरंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) हुआ है।
हरियाणा सरकार ने किया था समझौता
पिछले साल हरियाणा सरकार ने एलायंस एयरलाइंस के साथ मिलकर अयोध्या, जयपुर, चंडीगढ़, अहमदाबाद और जम्मू के लिए विमान सेवा शुरू करने को लेकर समझौता किया था। कंपनी ने चरणबद्ध तरीके से विमान सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा था। अयोध्या के बाद कंपनी ने चंडीगढ़ से विमान सेवा शुरू करने का फैसला किया है।
