आमने-सामने हुड्डा व बड़ौली: 'देश में सबसे असुरक्षित हरियाणा, डमी सीएम नहीं नायब सैनी'

सीएलपी भूपेंद्र सिंह हुड्डा व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली।
हरियाणा में भाजपा व कांग्रेस अलग अलग मुद्दों पर एक दूसरे पर हावी है। रविवार को रोहतक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सीएलपी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र के खिलाफ दर्ज मामले को राजनीति द्वेष भावना से प्रेरित बताते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने सहित प्रदेश सरकार को हर मामले में नाकाम करार दिया। हुड्डा ने कहा कि आज हरियाणा देश में सबसे असुरक्षित राज्य बन चुका है तथा प्रदेश में सक्रिय 60 गैंग कानून व्यवस्था को धत्ता बता रहे हैं। भिवानी पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कहा कि भ्रष्टाचार कांग्रेस की नस नस में है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर पुराने सीएलयू कांड में याचिका दायर हुई है। कांग्रेस बेवजह भाजपा पर आरोप लगा रही है।नायब सिंह सैनी डमी सीएम नहीं है, बल्कि जनता के बीच रहकर जनता की इच्छानुसार काम करने वाले मुख्यमंत्री है।
हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य : हुड्डा
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रोहतक में कहा कि आज हरियाणा पूरे देश में सबसे असुरक्षित प्रदेश बन गया है। आज प्रदेश में 60 गैंग काम कर रही है। गैंगस्टर पहले से विदेशों में है, कोई आज थोड़े गए है। कांग्रेस के समय भी विदेश में गैंगस्टर थे, लेकिन कानून व्यवस्था मजबूत थी। आज कानून व्यवस्था नहीं है, इसलिए गैंगस्टर हावी है और जनता का पुलिस से विश्वास उठता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र के खिलाफ जो केस हुआ, वह राजनीतिक द्वेष भावना से प्रेरित है। मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर हमला बोलते हुए हुड्डा ने कहा कि यदि सबकुछ पोर्टल से ही होना है तो फिर प्रदेश में सरकार की क्या जरूरत है। कांग्रेस राज में गन्ने का भाव बढ़ा था, भाजपा राज में लागत बढ़ा दी और कीमत घटा दी। सरकार ने एक साल में कोई वादा पूरा नहीं किया। सरकार आए दिन 24 फसलों पर एमएसपी देने की बात करती है, हरियाणा में तो 24 फसल ही नहीं होती। आज धान और बाजरे पर एमएसपी नहीं मिल रहा। 2022 तक किसान की आय दोगुनी करने की बात थी, लेकिन लागत दोगुनी कर दी। भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पहले लागत कम थी, आज लागत अधिक है।
पुराने CLU के में दर्ज हुई याचिका : बड़ौली
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भिवानी में कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह पर पुराने सीएलयू केस में याचिका दायर हुई है। इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। भ्रष्टाचार कांग्रेस की नस-नस में है, जिससे बचने के लिए वह भाजपा पर दोष मढना चाहती है। कुछ लोग सोशल मीडिया पर सीएम नायब सैनी को डमी सीएम बताकर झूठ परोस रहे हैं तथा ऐसे लोगों की राजनीति ही झूठ से चलती है। बीआर अंबेडकर पर दिए बयान पर मनोहरलाल का बचाव करते हुए कहा कि इसके पीछे उनकी ऐसी कोई मंशा नहीं थी। उनके भाव को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है। एचटैट व सीईटी के परिणाम में देरी पर कहा कि रिजल्ट में गोलमाल की कोई आशंका नहीं है, गोलमाल व घोटले तो पहले की सरकार में होते थे। हमारा प्रयास तो अधिक से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार देना है। उन्होंने बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनने का दावा किया। ठाकुर बीरसिंह की जयंती पर आयोजित प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह बात कही।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
