सीएम सैनी बोले: 'प्राचीन काल में गायों की अधिक संख्या मानी जाती थी व्यक्ति के वैभव का प्रतीक'

CM Nayab Saini
X

श्री बंगला साहिब गुरुद्वारा में कीर्तन के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी व अन्य। 

सीएम ने गुरु नानक जयंती पर कहा कि गाय अर्थव्यवस्था का आधार है। पहले जिस व्यक्ति के पास गाय जितनी अधिक होती थी उसे उतना ही धनवान माना जाता था।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार गौ संरक्षण को लेकर लगातार प्राथमिकता से कार्य कर रही है। सरकार ने गौशालाओं के विकास, गौवंश के संरक्षण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। गाय देश की अर्थव्यवस्था का आधार है। प्राचीन काल से हमारे देश में जिस व्यक्ति के पास जितनी अधिक गायें होती थी, उसे उतना ही अधिक धनवान माना जाता था। गाय को माता का दर्जा दिया गया है और गाय का दूध अमृत के समान है। देसी गाय का दूध डायबिटिज व हृदय रोगों से बचाव व उपचार में अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने गुरु नानक देव के 556वें प्रकाश पर्व पर बुधवार को‌ गुरु दलीप सिंह महाराज के मार्गदर्शन में नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित स्वदेशी राष्ट्रीय गौधन समिट-2025 के उद्घाटन के दौरान यह बात कही।

10 नवंबर तक चलेगा समिट

लगातार 10 नवंबर तक चलने वाली इस समिट में देशभर से अनेक जनप्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में विशाल नामधारी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। लगातार 6 दिन तक चलने वाले इस समिट में गौसंरक्षण पर मंथन कर आगे बढ़ने के अवसर सुलभ होंगे। सीएम ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए वोकल फॉर लोकल पर बल दिया है। गौ माता संरक्षण और स्वदेशी की शक्ति का रास्ता ही हमें आत्मनिर्भर भारत की ओर लेकर जाता है। इसलिए हमें इन पर पूर्ण रूप से सक्रिय होकर कार्य करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को बेसहारा गौवंश से मुक्त करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए पानीपत व हिसार में दो गौ अभ्यारण्यों की स्थापना की गई है। इनमें शैड, पानी व चारे की व्यवस्था की गई है।

686 गोशालाओं में चार लाख गाय

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में 686 गोशालाओं में लगभग 4 लाख गोवंश का पालन किया जा रहा है। 330 गोशालाओं में सोलर ऊर्जा प्लांट लगाए गए हैं। गोशालाओं की जमीन पर रजिस्ट्री नि:शुल्क होती है। गोसेवा आयोग का बजट भी बढ़ाकर 595 करोड़ रुपए किया गया है। गुरु पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा नानक ने हमें तीन मंत्र दिए मेहनत ईमानदारी से कीरत करना, वण्ड छकना और नाम जपना। इन तीनों मूल मंत्रों को हम सभी को अपने जीवन में अपनाकर आगे बढ़ना है। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित बंगला साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका और शीश नवाया तथा नागरिकों की खुशहाली और समृद्वि की कामना की। गुरुद्वारे में मुख्यमंत्री को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षा जीवन कौर, गुरमीत कौर, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, गोसेवा आयोग हरियाणा के अध्यक्ष श्रवण गर्ग सहित मौजूद रहे।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story