हरियाणा बनाएगा वर्ल्ड रिकॉर्ड: अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर 11 लाख लोग करेंगे योग, कुरुक्षेत्र में जुटेंगे 1 लाख साधक

पंचकूला में आईटीबीपी के सेंटर में सीएम नायब सिंह सैनी योगा अभ्यास करते हुए।
हरियाणा बनाएगा वर्ल्ड रिकॉर्ड : हरियाणा 21 जून को एक वर्ल्ड रिकॉर्ड का गवाह बनने की तैयारी कर रहा है। राज्य के 22 जिलों और 121 खंडों में एक साथ आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों में लगभग 11 लाख से अधिक लोग भाग लेने का दावा किया जा रहा है। अवसर रहेगा 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र में होने वाले राज्यस्तरीय समारोह कुरुक्षेत्र के पावन ब्रह्म सरोवर पर आयोजित किया जाएगा, जहां से भगवान श्रीकृष्ण ने विश्व को कर्म का संदेश दिया था। यहां योग गुरु स्वामी रामदेव स्वयं उपस्थित रहकर लोगों को योगाभ्यास कराएंगे। इस आयोजन में एक लाख से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। सीएम नायब सिंह सैनी खुद इस कार्यक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
ITBP के लिए योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर लगा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि 21 जून को मनाए जाने वाले 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को ऐतिहासिक बनाने की दिशा में पुरजोर तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री पंचकूला में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र, भानू में आयुष विभाग, हरियाणा योग आयोग और आईटीबीपी के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों और आईटीबीपी के जवानों ने अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश हादसे के मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दो मिनट का मौन रखा। नायब सिंह सैनी ने भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के जवानों के अद्भुत योगदान को नमन करते हुए कहा कि यह स्थान अनुशासन, सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की जीवंत परंपरा है। हमारे जवान कठिन परिस्थितियों में उत्तर-पूर्वी सीमाओं की दिन-रात रक्षा करते हैं। आपदा, राहत बचाव कार्य, आंतरिक सुरक्षा सहित अंतर्राष्ट्रीय खेलों में आईटीबीपी के जवानों की सहभागिता सदैव अग्रणी रही है। उन्होंने हरियाणा योग आयोग की सराहना करते हुए कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए आयोग योग को बढ़ावा दे रहा है। योगासन के खिलाड़ी भी तैयार कर रहा है।
प्रदेशभर में 15 लाख 60 हजार लोगों ने योग अभ्यास किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत गत 27 मई से ही हो चुकी है और पूरे राज्य में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। विभिन्न योग कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेशभर में अब तक लगभग 15 लाख 60 हजार से अधिक लोगों ने भागीदारी कर योग का अभ्यास किया है। योग कार्यक्रमों के दौरान 61 हजार से ज्यादा औषधीय पौधे लगाए गए हैं। इसके अलावा, योग जागरण यात्रा भी निकाली जा रही है, जो 19 जून को प्रदेश के 5,000 गांवों तक पहुंचेगी। इन अभ्यासों में पतंजलि योगपीठ, भारतीय योग संस्थान, ब्रह्मकुमारी और आर्ट ऑफ लिविंग जैसी संस्थाएं भी प्रदेश में 2500 स्थानों पर योग शिविर आयोजित कर रही हैं। हरित योग अभियान के तहत 21 जून तक 10 लाख औषधीय पौधे बांटे जा रहे हैं।
21 जून के लिए 7.65 लाख लोगों ने करवाया रजिस्ट्रेशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने एक पोर्टल भी बनाया है, जिस पर अब तक 7 लाख 65 हजार 500 लोगों ने 21 जून के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। योग को बढ़ावा देने के लिए 714 व्यायामशालाओं का निर्माण किया गया है। इन व्यायामशालाओं में 877 आयुष योग सहायकों की नियुक्ति की जा चुकी है। इन व्यायामशालाओं में भी 21 जून को कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ है थीम
आयुष एवं स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 11वें संस्करण का थीम "योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ" है, जो हमें यह स्मरण कराता है कि मानवता का स्वास्थ्य, पर्यावरण और समस्त जीव जंतुओं के स्वास्थ्य से गहराई से जुड़ा हुआ है। योग केवल एक शारीरिक क्रिया नहीं बल्कि यह संतुलन, समग्र विकास और स्वास्थ्य सेवा का वैश्विक संदेश है। मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने योग के व्यक्तिगत अभ्यास को एक जन आंदोलन में बदल दिया है।
कठिन परिस्थितियों में जवानों को बल देता है योग : आर्य
योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है जो व्यक्ति को हर परिस्थिति में संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भागवत गीता में कहा है – "योगस्थः कुरु कर्माणि", यानी जीवन में हर कार्य को योग में स्थिर होकर करें। उन्होंने कहा कि सियाचिन जैसे माइनस 40 डिग्री तापमान वाले दुर्गम इलाकों में कार्यरत जवानों के लिए योग एक मानसिक और शारीरिक संबल का साधन बनता है। सीमाओं पर तैनात जवानों ने योग और योगासन को अपनी दिनचर्या में शामिल कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पावन भूमि, विशेषकर कुरुक्षेत्र जैसे गीता स्थल पर राज्य स्तरीय योग दिवस का आयोजन इस दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर ब्रिगेडियर जे एस गोराया, कमांडेंट सुनील, स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल सहित आईटीबीपी के जवान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
