हरियाणा में मौसम ने ली करवट: प्रदेश के 5 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी, अगले 3 दिन तक रहे सावधान

बारिश का अलर्ट।
Haryana Monsoon: हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बीते दिन पहले भी हरियाणा के कुछ जिलों में भारी बारिश हुई, जिसकी वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली। दूसरी तरफ लोगों को जानमाल का भी नुकसान हुआ है। बारिश के दौरान जलभराव और ट्रैफिक की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा है। मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार के लिए 5 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, नूंह और पलवल शामिल हैं। इसके अलावा IMD ने अगले 3 दिनों के लिए हरियाणा वासियों को सावधान रहने की सलाह दी है।
इन 2 जिलों में हुई बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर जिलों में मौसम खराब हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक आज सुबह से ही हिसार और फतेहाबाद में बारिश हो रही है। वहीं चरखी दादरी जिले में बूंदाबांदी हो रही है, जींद में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि पूरे प्रदेश में 5 अगस्त तक मौसम खराब हो सकता है।
बारिश की वजह से हुईं घटनाएं
बीते दिनों प्रदेश में भारी बारिश होने के कारण नूंह के संगेल गांव में बरसाती ड्रेन पर बनी पुलिया टूट गई, जिसकी वजह से रास्ता भी बंद हो गया। बताया जा रहा है कि यह पुलिया गांव को कनेक्ट करने वाली मुख्य पुलिया थी। पुलिया के टूट जाने की वजह से गांव वालों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। दूसरी तरफ कुरुक्षेत्र के पिहोवा के गांव में भारी बारिश की वजह से मकान की छत गिर गई, गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
किस जिले में हुई ज्यादा बारिश ?
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अब तक सामान्य से 27 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि प्रदेश में 1 अगस्त तक 208.8 MM बारिश होनी चाहिए थी। लेकिन अब तक 264.5 MM बारिश अब तक दर्ज हो चुकी है। बताया जा रहा है कि सबसे ज्यादा बारिश महेंद्रगढ़ में 539.0MM और यमुनानगर में 516.5 MM, सबसे कम बारिश कैथल में 134.8 MM दर्ज की गई है।
3 दिन कैसा रहेगा मौसम ?
- मौमस विभाग ने 3 अगस्त को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। सिरसा, फतेहाबाद, कैथल में 25 से 50 प्रतिशत बारिश हो सकती है। पंचकूला, अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, हिसार, भिवानी में 50 से 75 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई है। यमुनानगर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में 75-100 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। इन 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
- 4 अगस्त को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार में 0 से 25 प्रतिशत बारिश हो सकती है। कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी में 25-50 प्रतिशत, दूसरी तरफ पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में 50-75 प्रतिशत बारिश हो सकती है वहीं, पंचकूला और यमुनानगर में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
- मौसम विभाग के मुताबिक 5 अगस्त को सिरसा के अलावा सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। सिरसा में मौसम साफ रहने की संभावना है। फतेहाबाद और हिसार में 0 से 25 प्रतिशत, कैथल, जींद, भिवानी, चरखी दादरी और रोहतक में 25- 50 प्रतिशत, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में 50 -75 प्रतिशत बारिश हो सकती है। दूसरी तरफ यमुनानगर, पानीपत, सोनीपत, मेवात और पलवल में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
