हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज: प्रदेश के 6 जिलों में हुई झमाझम बारिश, IMD ने दी सावधानी बरतने की सलाह

प्रतीकात्मक तस्वीर।
Rainfall in Haryana: हरियाणा में बीते दिन यानी सोमवार को 10 जिलों में बारिश हुई थी। बारिश हो जाने से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली है, लेकिन इसके बाद उमस की वजह से लोग परेशान हो गए हैं। प्रदेश में आज भी 6 जिलों बारिश हुई है। मौसम विभाग की ओर से दूसरे जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश हो जाने से जिलों के कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली है।
इन 6 जिलों में हुई बारिश
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के 6 जिलों करनाल, कुरुक्षेत्र, चरखी दादरी, झज्जर, पानीपत और गुरुग्राम में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के लिए प्रदेश में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। जिलों में बारिश हो जाने से सड़कों पर जलभराव रहा, जिसकी वजह से यातायात प्रभावित हुआ है।
कुरुक्षेत्र में तेज बारिश के बाद पैनोरमा और कृष्ण म्यूजियम के पास पानी भर गया लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा लोगों को जाम की समस्या का भी सामना करना पड़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 28 जून तक पूरे राज्य में बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
किस जिले में कितना तापमान दर्ज किया
बीते दिन सोमवार को सिरसा सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।इसके बाद हिसार में 38.3 डिग्री, जींद में 36.9 डिग्री, अंबाला और चरखी दादरी में 36.8 डिग्री, फरीदाबाद में 36.3 डिग्री, भिवानी में 36.1 डिग्री, सोनीपत में 36 डिग्री, रोहतक में 35.9 डिग्री, मेवात में 35.8 डिग्री, करनाल में 35.6 डिग्री और पंचकूला में 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने दी सलाह
- बारिश के मौसम में कटी फसल को खुले में नहीं रखना चाहिए।
- जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें।
- खेतों से एक्स्ट्रा पानी निकालने की व्यवस्था करें।
- बारिश के मौसम में गाड़ियां सावधानी से चलाएं।
- पेड़ों के नीचे खड़े न हो, जलाश्यों के पास न जाएं।
- कमजोर बिल्डिंग में नहीं जाना चाहिए।
- उर्वरक और कीटनाशकों का इस्तेमाल करने से बचें।
