Leopard in IMT Manesar: मानेसर आईएमटी में घुसा तेंदुआ छह घंटे रेस्क्यू कर पकड़ा, जंगलों में छोड़ा

leopard in gurugram manesar
X

गुरुग्राम के मानेसर आईएमटी में सुबह तेंदुए के घुस आने से हड़कंप मच गया। 

हरियाणा के गुरुग्राम के मानेसर में एक तेंदुए के घुस से लोगों में दहशत फैल गई। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद उसे पकड़ा जा सका। तब तक लोगों की सांसें अटकी रहीं।

Leopard in IMT Manesar : गुरुग्राम के औद्योगिक क्षेत्र आईएमटी मानेसर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब खाली पड़े प्लॉट में एक तेंदुआ नजर आया। इलाके में मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों ने जैसे ही तेंदुए को देखा, तुरंत वन विभाग और वाइल्ड लाइफ टीम को सूचना दी गई। सूचना के बाद शुरू हुआ ऑपरेशन करीब 6 घंटे तक चला और दोपहर 2 बजे के आसपास तीन साल के नर तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा गया।

सुबह सड़क पार करता देखा गया तेंदुआ

सुबह करीब 8 बजे एक कंपनी के कर्मचारी ने तेंदुए को मानेसर औद्योगिक क्षेत्र में सड़क पार करते देखा। इसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत अधिकारियों को फोन किया। कुछ ही देर में वाइल्ड लाइफ विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

प्लॉट में घुसने का वीडियो आया सामने

तेंदुए की गतिविधियों का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह एक खाली प्लॉट की दीवार फांदते हुए दिखाई देता है। इस वीडियो ने इलाके में दहशत और बढ़ा दी। वन विभाग की टीम ने तुरंत इलाके को सील कर दिया और लोगों से अपील की कि वे बाहर न निकलें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

पिंजरे और विशेषज्ञों की मदद से काबू

रेस्क्यू टीम के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे और नेट सहित कई उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। पूरी प्रक्रिया में विशेषज्ञों को लगाया गया, ताकि जानवर को किसी तरह की चोट न पहुंचे। अंततः तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर पास के जंगल में छोड़ा गया।

ग्रामीणों में दहशत, कॉरिडोर की मांग

घटना के बाद स्थानीय निवासियों में डर का माहौल बना हुआ है। खासकर वे परिवार जो औद्योगिक क्षेत्र और खुले प्लॉट्स के पास रहते हैं, उन्होंने वन विभाग से अपील की है कि अरावली क्षेत्र में तेंदुओं के लिए सुरक्षित कॉरिडोर बनाए जाएं। उनका कहना है कि इंसानों और जंगली जानवरों के बीच बढ़ते टकराव को कम करने के लिए यह कदम बेहद जरूरी है।

रोहतक आईएमटी में घुसा था तेंदुआ

यह पहली बार नहीं है जब किसी औद्योगिक क्षेत्र में तेंदुए की एंट्री हुई हो। इससे पहले 1 मई 2025 को रोहतक आईएमटी में मारुति कंपनी के परिसर में एक तेंदुआ घुस गया था। उस समय वन्यजीव विभाग को करीब 36 घंटे तक ऑपरेशन चलाना पड़ा था। बाद में तेंदुए को पकड़कर पंचकूला की मोरनी हिल्स में छोड़ा गया था। उस घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने दो दिनों के लिए छुट्टी भी घोषित कर दी थी।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story