Gurugram Crime News: गर्लफ्रेंड से शादी करना चाहता था पति, पत्नी को उतारा मौत के घाट

Gurugram Crime News: गुरुग्राम में एक मामला सामने आया, जिसने लोगों को सन्न कर दिया। एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करने के लिए अपनी पत्नी की गला घोंट कर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। शक के आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया। पहले तो बार-बार अपने बयान बदलकर आरोपी पुलिस को गुमराह कर रहा था, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
साल 2022 में हुई थी दोनों की शादी
आरोपी की पहचान सोनू के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के टेंडा गांव का रहने वाला है। मानेसर थाना एसएचओ इंस्पेक्टर सतेंद्र रावल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी सोनू ने अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करने के लिए अपनी 22 वर्षीय पत्नी नैंसी की गला दबाकर हत्या कर दी। साल 2022 में दोनों की शादी हुई थी और उनका नौ महीने का बेटा भी है।
पांच महीने पहले आए थे मानेसर
लगभग पांच महीने पहले सोनू अपनी पत्नी को लेकर मानेसर आया था। वो यहां पर ऑटो चलाने का काम किया करता था। शुक्रवार सुबह लगभग 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि आईएमटी चौक के पास झुग्गियों में एक महिला का शव जमीन पर पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की, तो पता चला मृतक महिला का नाम नैंसी है। पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।
पहले किया गुमराह, फिर कबूला जुर्म
कई बार पूछताछ करने पर वो लगातार अपने बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी सोनू ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि वो कुछ दिनों से एक लड़की से बात किया करता था, जो उसकी गर्लफ्रेंड थी। वो अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करना चाहता था, जिसके कारण उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
