गुरुग्राम के कारोबारी पर कर्नाटक में FIR: राहुल गांधी की फोटो वाले सेनेटरी पैड की VIDEO शेयर की, गिरफ्तारी की आशंका

Sanitary pad controversy
X

कारोबारी अरुण यादव। 

कारोबारी ने बिहार के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रतन रंजन की ओर से बनाई गई वीडियो को X पर रीपोस्ट किया था। कांग्रेस का दावा है कि वायरल वीडियो फर्जी है और राहुल गांधी की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

हरियाणा के गुरुग्राम के इंटीरियर कारोबारी अरुण यादव को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करना महंगा पड़ गया है। उन पर कर्नाटक में FIR दर्ज कर ली गई है। दरअसल, मामला एक ऐसे वीडियो से जुड़ा है जिसमें सेनेटरी पैड के पैकेट पर राहुल गांधी की तस्वीर लगी दिखाई गई है। कांग्रेस ने हाल ही में बिहार चुनाव से पहले महिलाओं को सेनेटरी पैड बांटने की मुहिम शुरू की है, जिसके पैकेट पर राहुल गांधी की फोटो लगी होने का दावा किया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करने का मामला

इस पूरे विवाद की शुरुआत बिहार के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रतन रंजन से हुई, जिन्होंने महिलाओं के कपड़े पहनकर सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी की तस्वीर दिखाते हुए सवाल उठाए थे। गुरुग्राम के अरुण यादव ने रतन रंजन का समर्थन कर इस वीडियो को X (पहले ट्विटर) पर रीपोस्ट कर दिया, जिसके बाद यह कानूनी मामला दर्ज किया गया।

'पुलिस मुझे गिरफ्तार कर सकती है, CM सैनी दखल दें'

केस दर्ज होने के बाद अरुण यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बिहार में महिलाओं को गिफ्ट दिए जा रहे हैं और मर्दों को जेल में डाला जा रहा है। उन्होंने FIR को झूठा बताते हुए आशंका जताई कि कर्नाटक पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। अरुण यादव ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से इस मामले में दखल देने की अपील की है।

अरुण यादव ने वीडियो में कहा

• लोकतंत्र का मजाक बनाया : कहां रह गई कर्नाटक पुलिस मुझे पता कर बता दो। लोकतंत्र का मजाक बना दिया। ये बिहार की महिलाओं की बात करते हैं और वहां के पुरुषों को गिरफ्तार करो। तुम लोग ऐसा करो बिहार की महिलाओं को सेनेटरी पैड बांटो और बिहार के पुरुषों को गिरफ्तार कर जेल में डालो। रतन रंजन बिहार का ही तो है।

• सपा-राजद के कहने पर दुश्मनी : अरुण ने आगे आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं के कहने पर कांग्रेस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज करवाई है। उन्होंने कहा तुम्हारा टारगेट रतन को उठाना है। अरुण से इसलिए दुश्मनी है क्योंकि समाजवादी और राष्ट्रीय जनता दल वालों ने कहा है कि इसे भी उठा लो। ये गठबंधन इनका हर जगह चल रहा है।

• CM सैनी से अपील : अरुण ने कहा कि उन्हें पता चला है कि उनके खिलाफ एक झूठी एफआईआर में कर्नाटक पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की।

लंबे समय से सोशल मीडिया पर सक्रिय

अरुण यादव गुरुग्राम में इंटीरियर का बिजनेस करते हैं। वह लंबे समय से सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और अक्सर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं का खुलकर विरोध करते हैं। मूल रूप से रेवाड़ी के कोसली के रहने वाले अरुण, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श मानते हैं और अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी प्रधानमंत्री की फोटो लगाते हैं।

कांग्रेस का दावा- 'वायरल वीडियो फर्जी है, राहुल की छवि खराब करने की कोशिश'

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने इस पूरे विवाद पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर राहुल गांधी से जोड़कर एक फर्जी (फेक) वीडियो वायरल की जा रही है, जिसमें उनकी तस्वीर एक सेनेटरी पैड पर लगी दिखाई गई है।

श्रीनेत ने साफ किया कि यह वीडियो पूरी तरह फर्जी है और इसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अंदर कोई फोटो नहीं लगाई गई है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा न सिर्फ राहुल गांधी की छवि को खराब करने की कोशिश कर रही है, बल्कि महिलाओं के पीरियड जैसे संवेदनशील विषय को भी अपनी गंदी राजनीति का हथियार बना रही है। श्रीनेत ने सेनेटरी पैड के महत्व पर जोर देकर कहा कि यह महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। आज भी देश में एक बड़ी संख्या में महिलाओं को पीरियड्स के दौरान साफ और सुरक्षित साधन उपलब्ध नहीं हैं, जिसकी वजह से उन्हें संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बना रहता है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story